शहीद आकाश राव गिरपुंजे की पुण्यतिथि….घरवालों ने मूर्ति वापस लौटाई:चेहरे में नहीं था आकर्षण, प्रेशर IED की चपेट में शहीद हुए थे ASP

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा डिवीजन में 9 जून 2025 को प्रेशर IED की चपेट में आने से एएसपी आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए थे। जिसके बाद सरकार ने आकाश राव गिरपुंजे की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया था। आज मंगलवार को शहीद ASP की प्रथम पुण्यतिथि है।
शहर के लाखे नगर चौक पर शहीद आकाश राव गिरपुंजे के लिए श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उनकी मूर्ति भी स्थापित की जानी थी। लेकिन जो मूर्ति बनकर आई उसके चेहरे में आकर्षक नहीं था।
जिसके बाद घर वालों ने मूर्ति को वापस लौटा दिया। उन्होंने मूर्तिकार से सुधार के साथ नई मूर्ति तैयार करने के लिए कहा है। पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि जल्द ही नई मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
गश्त के दौरान चपेट में आए थे
नक्सलियों की तरफ से 10 जून 2025 को बंद आयोजित किए जाने की घोषणा को देखते हुए 9 जून को कोंटा में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे, पुलिस अधिकारी और जवान पैदल गश्त पर निकले थे। एएसपी की टीम जब कोंटा-एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के करीब पहुंचे, तभी प्रेशर बम की चपेट में आ गए।
विस्फोट में एसडीओपी चंद्राकर और टीआई सोनल ग्वाला भी घायल हुए थे। हादसे के बाद ADG विवेकानंद सिन्हा ने इस घटना को नक्सलियों का ट्रैप बताया था। नक्सलियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए 8 जून की रात को डोंड्रा गांव की खदान में जेसीबी और अन्य मशीनों में पहले आग लगाई थी। आग लगाने के बाद जेसीबी से कुछ दूरी पर जमीन के 2 फीट अंदर IED प्लांट किया था।
पत्नी को बनाया गया है DSP
शहीद ASP की पत्नी स्नेहा गिरपुंजे को राज्य सरकार ने डीएसपी बनाया है। डीएसपी के रूप में उनकी पहली नियुक्ति चंद्रखुरी पुलिस अकादमी में की गई है। साय कैबिनेट के निर्देश पर अनुकंपा नियुक्ति और पोस्टिंग का आदेश गृह विभाग ने 17 अक्टूबर को जारी किया था।



