महासमुंद में गर्लफ्रेंड से मिलने गए नाबालिग की 15 दिन बाद जंगल में मिली लाश, प्रेमिका और उसके परिवार से पूछताछ

महासमुंद। जिले के जंगल में एक नाबालिग का शव मिला है। उसकी पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक 15 दिन पहले अपनी प्रेमिका से मिलने जमनीडीह गांव आया था, तब से वह लापता था। घटना स्थल जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, युवक 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित गांव जमनीडीह में अपनी प्रेमिका से मिलने की इच्छा जताई। साथियों के मना करने के बाद भी रात करीब 11 बजे जमनीडीह गांव पहुंचा।

युवक ने साथियों के मोबाइल से प्रेमिका को कॉल किया और उससे मिला। इसके बाद से वह लापता हो गया और गुरुवार को उसकी लाश जंगल में मिली। बहरहाल, पुलिस ने हत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रेमिका और उसके स्वजनों से पूछताछ कर रही है।
साथियों ने की थी लापता होने की शिकायत
30 जनवरी को साथी ने भंवरपुर चौकी में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद उद्रेश का साथियों से लिया गया मोबाइल गांव के पास पुलिस को मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसकी खोजबीन तेज कर दी।
खोजी कुत्ता प्रेमिका के घर तक पहुंचा
पुलिस ने डॉग स्क्वायड से पड़ताल कराई। खोजी कुत्ता प्रेमिका के घर तक पहुंचा, किन्तु आसपास जाकर भी कोई सुराग नहीं दे पाया। पुलिस तकनीकी सहायता और तलाशी अभियान में जुटी रही। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे तलाशी दल को प्रेमिका के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव मिला।
फॉरेंसिक जांच-पड़ताल की गई
शव के कुछ हिस्से जानवरों ने खा लिए थे। स्वजनों ने शव की पहचान उद्रेश के रूप में की। शव डीकंपोज होने की वजह से पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। बताया जाता है कि युवक और उसके गर्लफ्रेंड के बीच इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पहचान हुई थी। दोनों एक दूसरे से फोन पर भी बात किया करते थे।
पुलिस का क्या कहना है
प्रतिभा पांडेय, एडिशनल एसपी, महासमुंद का कहना है कि बलौदाबाजार के लापता नाबालिग उद्रेश वर्मा का शव जंगल से मिला है। मौत का कारण हत्या है या कोई और वजह है, इसकी हर पहलू जांच की जा रही है। जंगल में कोई संघर्ष या निशान नहीं मिला है। शव खराब हालत में होने की वजह से पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



