चक्रवात ‘अक्वान’: विशाखापट्टनम-किरंदुल रेल मार्ग पर 2 दिनों तक एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन बंद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जगदलपुर । बस्तर से इलाज, शिक्षा और व्यापार जैसे जरूरी कार्यों के लिए विशाखापट्टनम जाने वाले यात्रियों के सामने अगले दो दिनों तक सफर की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर 19 और 20 नवंबर को दोनों दिशाओं से एक्सप्रेस ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रहेगी, जिससे विशाखापट्टनम से किरंदुल और बस्तर से विशाखापट्टनम के बीच यात्रा करने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
दरअसल, चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित खतरे और रेल परिचालन पर इसके असर की आशंका को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है. तूफान के चलते इस रूट पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया है.
दक्षिण तट रेलवे (ईको) की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर को ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस विशाखापट्टनम स्टेशन से रवाना नहीं होगी.
इसी तरह, वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस का संचालन भी इन दोनों तिथियों पर किरंदुल से स्थगित रहेगा. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें.



