अंतर्राष्ट्रीयप्रमुख खबरें

व्हाइट हाउस के पास वेनेजुएलाई युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार:वहां के राष्ट्रपति अमेरिका में बंदी; पुलिस को बताया- ट्रम्प को मारने के ख्याल आते हैं

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास एक वेनेजुएला का युवक हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के मुताबिक, उसके पास से तीन बंदूकें और कई कारतूस मिले हैं। DHS ने बताया कि सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने युवक को वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के बाहर एक कार में संदिग्ध हालत में देखा। पूछताछ में उसने बताया कि उसके सिर में आवाजें आती हैं, जो उसे ट्रम्प को मारने के लिए कहती हैं। दरअसल, जनवरी में अमेरिकी सैनिकों ने वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया था। इसके बाद उन्हें न्यूयॉर्क लाया गया, जहां उन्हें डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

युवक 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था

युवक की पहचान 26 साल के रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। वह 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था। सीक्रेट सर्विस के अधिकारी गुरुवार रात करीब 11:42 बजे व्हाइट हाउस के पास कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी नीली फोर्ड एफ-150 पर पड़ी। अधिकारियों ने युवक को कार में अकेले सोते हुए देखा। उन्हें मामला ठीक नहीं लगा। इसलिए वे यह पता लगाने के लिए उसके पास पहुंचे कि वह ठीक है या नहीं। युवक अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था। इसलिए उसने गूगल ट्रांसलेट की मदद से अधिकारियों को बताया कि उसके पास हथियार हैं। जांच में यह भी पता चला कि कार चोरी की थी।

युवक का दावा- कुछ लोग उसे मारना चाहते थे

पूछताछ में क्रिनोस ने अधिकारियों को बताया कि कुछ लोगों ने उसे मारने की कोशिश की थी। उसने उनसे एक बंदूक छीन ली थी, जिसे कार में रखे भूरे रंग के बैग में रखा था। उसने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले उसने कुछ हथियार खरीदे थे। वह चोरी की कार में ही रह रहा था। युवक ने कहा कि वह अपने पास मौजूद हथियार सरकार को सौंपना चाहता है। अधिकारियों को कार से एक पिस्तौल और दो राइफल मिलीं। इनमें AR-15 स्टाइल राइफल, मैक-10 हैंडगन और ग्लॉक 43X पिस्टल शामिल हैं। इसके अलावा कई कारतूस भी बरामद हुए।

हथियार रखने और चोरी के कई आरोप लगे

क्रिनोस पर बिना कानूनी अनुमति बंदूकें रखने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के आरोप लगाए गए हैं। उस पर बिना रजिस्ट्रेशन के राइफल और पिस्टल रखने के साथ कारतूस रखने के तीन अलग-अलग आरोप भी हैं। इसके अलावा उस पर बिना अनुमति गाड़ी इस्तेमाल करने, चोरी और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने के आरोप भी लगाए गए हैं। उसे सोमवार को फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ट्रम्प पर 3 बार जानलेवा हमला हुआ…

पहला: 13 जुलाई 2024 – बटलर, पेंसिल्वेनिया

हमलावर: थॉमस मैथ्यू क्रूक्स (20)

  • ट्रम्प चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे, तभी क्रूक्स ने दूर एक इमारत की छत से उन पर गोलियां चलाईं।
  • एक गोली ट्रम्प के दाहिने कान को छूकर निकल गई।
  • हमले में रैली में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए।
  • सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर ने जवाबी गोलीबारी में हमलावर को मार गिराया।

    दूसरा: 15 सितंबर 2024 – वेस्ट पाम बीच, फ्लोरिडा

    हमलावर: रयान वेस्ली रॉथ (58)

    • ट्रम्प गोल्फ क्लब में खेल रहे थे। रॉथ झाड़ियों में राइफल लेकर उन पर निशाना लगा रहा था।
    • सीक्रेट सर्विस ने झाड़ियों में राइफल की नली देखकर गोली चलाई। फिर रॉथ वहां से भाग निकला।
    • पुलिस ने कुछ देर बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से राइफल और कारतूस भी मिले।
    • सितंबर 2025 में अदालत ने उसे ट्रम्प की हत्या की कोशिश के मामले में दोषी ठहराया।

      तीसरा: 25 अप्रैल 2026 – वॉशिंगटन डीसी

      हमलावर: कोल टॉमस एलन (31)

      • ट्रम्प व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में शामिल होने वॉशिंगटन हिल्टन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान एलन शॉटगन लेकर सुरक्षा जांच वाले इलाके में घुसा और बॉलरूम की तरफ बढ़ने लगा।
      • उसने सुरक्षाकर्मियों पर गोली चलाई, जिसमें सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी घायल हो गया। बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उसकी जान बच गई।
      • सुरक्षाकर्मियों ने एलन को पकड़ लिया और ट्रम्प को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
      • अमेरिकी न्याय विभाग ने एलन पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया।

        वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो की गिरफ्तारी की टाइमलाइन

        2 जनवरी:

        अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई को मंजूरी दी। ऑपरेशन की तैयारी कई महीनों से चल रही थी।

        3 जनवरी:

        अमेरिकी सेना ने राजधानी कराकस समेत कई जगहों पर हवाई हमले किए। सैन्य ठिकानों और एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया। सुबह करीब 2:02 बजे: अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज मादुरो के ठिकाने पर पहुंचीं। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में ले लिया गया।

        5 जनवरी:

        मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क की मैनहट्टन फेडरल कोर्ट में पेश किया गया। मादुरो ने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा, ‘मुझे किडनैप किया गया है। मैं अब भी अपने देश का राष्ट्रपति हूं।’ उनकी पत्नी ने भी आरोपों से इनकार किया।

        गूगल पर निकोलस मादुरो ट्रेंड कर रहे हैं…

Related Articles

Back to top button