रायपुर में आज AAP का शक्ति प्रदर्शन:शहीद स्मारक भवन में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर आम आदमी पार्टी आज राजधानी रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। शहीद स्मारक भवन में होने वाले इस सम्मेलन में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पार्टी ने सम्मेलन का थीम “बदलेगा छत्तीसगढ़, बनेगा खुशहाल छत्तीसगढ़” रखा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थकों के पहुंचने का दावा किया गया है। इसे प्रदेश में आम आदमी पार्टी के संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ प्रभारी मुकेश अहलावत के साथ हाल ही में नियुक्त चार प्रदेश सह प्रभारी राकेश जाटव, राजेश कुमार, सौरभ झा और समर कुमार भी मौजूद रहेंगे। पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर दिशा-निर्देश देगा।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
पार्टी नेताओं के मुताबिक सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने, जनता से जुड़े मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठाने और प्रदेशभर में सदस्यता एवं जनसंपर्क अभियान को गति देने पर चर्चा होगी। कार्यकर्ताओं को गांव, वार्ड और मोहल्ला स्तर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।
शिक्षा-स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर फोकस
AAP नेताओं का कहना है कि प्रदेश की जनता बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त शासन चाहती है। इसी मुद्दे को केंद्र में रखकर पार्टी छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो विधानसभा चुनाव के बाद संगठनात्मक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के लिए आयोजित यह सम्मेलन आम आदमी पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। संजय सिंह के संबोधन और पार्टी की आगामी रणनीति पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।



