छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

पटवारियों की जायज मांगों के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी, 22 दिनों से जारी हड़ताल को दिया समर्थन

समय पर प्रमोशन और जटिल गिरदावरी प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग जायज – भुनेश्वर सिंह डहरिया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बलौदाबाजार।   छत्तीसगढ़ पटवारी संघ की बलौदाबाजार इकाई द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 22 दिनों से अधिक समय से जारी हड़ताल को समर्थन देने के लिए आम आदमी पार्टी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा की टीम जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया के नेतृत्व में धरना स्थल पर पहुंची। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने पटवारी संघ की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भुनेश्वर सिंह डहरिया ने कहा कि पटवारी संघ की राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जिम्मेदारी लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद सरकार द्वारा जटिल गिरदावरी प्रक्रिया लागू करना पटवारियों पर अतिरिक्त कार्यभार और मानसिक दबाव डालने जैसा है। सरकार को इस प्रक्रिया की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझते हुए तत्काल सरलीकरण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पटवारी संघ की समयबद्ध पदोन्नति की मांग पूरी तरह जायज है। लंबे समय से कार्यरत पटवारियों को निर्धारित समय पर पदोन्नति का लाभ मिलना चाहिए। इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि पदोन्नति से रिक्त होने वाले पदों पर नए बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे। सरकार को इस विषय पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार द्वारा पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई पटवारियों को निलंबित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए आवाज उठाने का अधिकार है। सरकार को दमनात्मक कार्रवाई करने के बजाय संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
आम आदमी पार्टी राज्य सरकार से मांग करती है कि पटवारी संघ की जायज मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेते हुए हड़ताल समाप्त कराने की पहल करे। यदि सरकार जल्द मांगों का निराकरण नहीं करती है, तो आम आदमी पार्टी पटवारी संघ के समर्थन में सड़क पर उतरकर उनके अधिकारों की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ साथ देगी।
इस दौरान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: लोकसभा उपाध्यक्ष जगन्नाथ महिलांग, जिला संगठन मंत्री दिलीप फेकर, जिलाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ फूलदास रात्रे, जिला सोशल मीडिया प्रभारी सागर कुमार, राजकुमार बंजारे, संतोष यादव, नेमन दास, हीरालाल, नाथूराम, शिवकुमार एवं राजू यादव सहित आम आदमी पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ‎

Related Articles

Back to top button