छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

आज डोल ग्यारस पर राजसी वैभव से निकलेंगे बाबा कालभैरव, शाही पगड़ी पहनकर करेंगे भ्रमण

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उज्जैन –डोल ग्यारस पर मंगलवार को भगवान महाकाल के सेनापति और उज्जैन के नगर कोतवाल भगवान कालभैरव नगर भ्रमण पर निकलेंगे। मंदिर की परंपरा अनुसार, शाम चार बजे कालभैरव मंदिर से राजसी वैभव के साथ सेनापति की सवारी शुरू होगी। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा पालकी में विराजित भगवान के रजत मुखारविंद एवं चरण पादुकाओं का पूजन कर सवारी को नगर भ्रमण के लिए रवाना करेंगे। मंदिर प्रबंधक संध्या मार्कण्डेय ने बताया मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र बल की टुकड़ी सेनापति को गार्ड आफ आनर देगी। इसके बाद सवारी नया बाजार, भैरवगढ़ नाका, माणक चौक और महेंद्र मार्ग होते हुए केंद्रीय जेल तिराहे पहुंचेगी। यहां जेल अधीक्षक द्वारा भगवान की पालकी का पूजन किया जाएगा। इसके बाद सवारी सिद्धवट पहुंचेगी। यहां वैकुंठ द्वार पर पुजारी शिप्रा जल से बाबा कालभैरव के रजत मुखारविंद व चरण पादुकाओं का पूजन करेंगे। पूजन के बाद सवारी ब्रजपुरा, जेल तिराहा होते हुए रात करीब 7.30 बजे वापस कालभैरव मंदिर पहुंचेगी। सवारी में पुलिस बैंड, सशस्त्र बल की टुकड़ी, धार्मिक झांकियां, अखाड़े, हाथी-घोड़े, बग्घी आदि शामिल रहेंगे।

*  साल में दो बार निकलती है सवारी

भगवान कालभैरव को भगवान महाकाल का सेनापति और उज्जैन का कोतवाल माना जाता है। कालभैरव वर्ष में दो बार नगर भ्रमण पर निकलते हैं। पहली सवारी मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी पर भैरव जन्मोत्सव के अगले दिन तथा दूसरी भाद्रपद शुक्ल एकादशी यानी डोल ग्यारस पर निकाली जाती है।

* आज आएगी सिंधिया शाही की पगड़ी

महाकाल मंदिर के पंडित संजय पुजारी ने बताया कि भगवान कालभैरव के लिए सिंधिया शाही की पगड़ी ग्वालियर स्थित राज महल से उज्जैन आएगी। मंगलवार तड़के चार बजे राज महल के ओहदेदार पगड़ी लेकर उज्जैन पहुंचेंगे। मंगलवार दोपहर 3.30 बजे कलेक्टर एवं एसपी पूजा-अर्चना कर भगवान काल भैरव को शाही पगड़ी धारण कराएंगे।

Related Articles

Back to top button