छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

‘छत्तीसगढ़ियों को मारूंगी सैंडल!’ वीडियो पर मचा बवाल तो बिहारी लड़की ने मांगी माफी, कई थानों में शिकायत

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ कथित अपमानजनक और धमकी भरी टिप्पणी का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने प्रदेशभर में विरोध शुरू कर दिया है।संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रायपुर समेत कई जिलों के पुलिस थानों में ज्ञापन सौंपकर मधुबाला गिरी की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बढ़ते विरोध के बीच मधुबाला गिरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

प्रदेशभर के थानों में सौंपे ज्ञापन

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पुलिस प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपे। रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के विधानसभा, मंदिर हसौद, धरसीवा और सिलतरा थानों में भी ज्ञापन दिया गया। इसके अलावा धमतरी, मुंगेली, खैरागढ़, गंडई, बालोद, कबीरधाम और जांजगीर-चांपा सहित अन्य जिलों में भी कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया।

वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की मांग

संगठन का आरोप है कि वायरल वीडियो में मधुबाला गिरी ने छत्तीसगढ़िया समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और धमकी भरे अंदाज में टिप्पणी की। सेना का कहना है कि इससे प्रदेशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने पुलिस से वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के कुछ पदाधिकारियों ने आशंका जताई है कि विवाद बढ़ने के बाद मधुबाला गिरी रायपुर से कहीं चली गई हैं। उन्होंने पुलिस से उनकी तलाश तेज करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और स्वाभिमान से जुड़े इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर मांगी माफी

इधर, विरोध बढ़ने के बाद मधुबाला गिरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन पहले पोस्ट किए गए वीडियो में गुस्से के कारण उनसे गलत शब्दों का इस्तेमाल हो गया। इससे छत्तीसगढ़ के भाई-बहनों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसका उन्हें पछतावा है। उन्होंने हाथ जोड़कर प्रदेशवासियों से माफी मांगी।मधुबाला ने यह भी कहा कि जिस मिट्टी में उनका जन्म हुआ और जहां वह पली-बढ़ी हैं, उसी प्रदेश के लोगों को दुख पहुंचाने का उन्हें अफसोस है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों से उन्हें माफ करने की अपील की। फिलहाल, एक ओर संगठन गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़ा है, तो दूसरी ओर सार्वजनिक माफी के बाद भी मामले को लेकर विरोध जारी है।

Related Articles

Back to top button