छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रंगदारी मामले ने खोली कांग्रेस की आपसी गुटबाजी की पोल-अज़ीम खान, रायपुर लोकसभा अध्यक्ष, आप

पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे की गिरफ्तारी से साफ हुआ कांग्रेस के भीतर की साज़िश का खेल- नवनीत नन्दे, रायपुर जिलाध्यक्ष आप

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने और धमकी देने के सनसनीखेज मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस का आंतरिक कलह और गुटबाज़ी जनता के सामने आ गई है। इस मामले पर आम आदमी पार्टी के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान ने तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस के नेता अपने पद, नाम और राजनीतिक वर्चस्व को बचाने के लिए किसी भी हद तक गिरने को तैयार हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब ढेबर और वेनिंगटन होटल का एक कर्मचारी शामिल है। जांच में यह बात सामने आ रही है कि आनंद कुकरेजा के बेटे अजीत कुकरेजा की हाल ही में हुई कांग्रेस वापसी से पूर्व महापौर एजाज ढेबर का खेमा असहज और डरा हुआ था। आने वाले समय में अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को कमज़ोर करने और पार्टी के भीतर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए इस तरह की साज़िशों का सहारा लिया जा रहा है।

आम आदमी पार्टी के रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नन्दे ने कहा यह बेहद शर्मनाक है कि रायपुर की जनता के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय कांग्रेस के बड़े चेहरे आपस में ही गुटबाजी और साज़िशों का खेल खेल रहे हैं। जो नेता अपने ही साथियों को गैंगस्टर के नाम से धमकियां दिलवा सकते हैं, वे रायपुर की जनता की सुरक्षा और विकास की क्या गारंटी देंगे? आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि पुलिस इस मामले की पूरी निष्पक्षता से गहन जांच करे ताकि पर्दे के पीछे छिपे असली राजनीतिक आकाओं का चेहरा बेनकाब हो सके। जनता अब कांग्रेस की इस गुटबाजी और सत्ता-मोह के खेल को अच्छी तरह समझ चुकी है।

Related Articles

Back to top button