मंगेतर को दोस्त संग देख भड़का, बोनट पर चढ़ा, VIDEO:कार दौड़ी तो 200 मीटर बाद गिरकर युवक की मौत, आरोपी तीन दिन से फरार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। में गर्लफ्रेंड को रोकने के लिए कार के बोनट पर चढ़े बॉयफ्रेंड की गिरने से मौत हो गई। विवाद के दौरान गर्लफ्रेंड के दोस्त ने कार आगे बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, इसके बाद युवक नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।


दोस्त के साथ जा रही थी गर्लफ्रेंड
शुक्रवार दोपहर महोबा बाजार निवासी ठेकेदार परमप्रीत सिंह का अपनी मंगेतर से एम्स के पास गाड़ी में विवाद हो गया। एसीपी देवांश सिंह राठौर के मुताबिक, 3-4 साल से संपर्क में रहे इस जोड़े की शादी दोनों परिवारों ने तय कर दी थी। युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी और परमप्रीत उसे खुद ले जाना चाहता था, लेकिन वह अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ दुर्ग से रायपुर पहुंच गई। एम्स के पास मंगेतर को उसके दोस्त के साथ देखते ही परमप्रीत का बहस शुरू हो गया और उसकी गाड़ी में ही दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के बाद कार की बोनट पर चढ़ा बॉयफ्रेंड
इसके बाद युवती भरत मंगनानी के साथ जाने लगी। इससे नाराज परमप्रीत ने दोनों से विवाद किया और भरत की कार में टक्कर मार दी। कार रुकने पर परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती से नीचे उतरने के लिए कहा। इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया।
जांच के बाद डॉक्टरों किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परमप्रीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। फिलहाल कार चला रहे भरत मंगनानी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



