स्वतंत्रता की दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाडिय़ों व विद्यार्थियों ने लगाई दौड़

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जगदलपुर। आजादी के पावन पर्व स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जगदलपुर शहर में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। देशभक्ति और खेल भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन में महापौर संजय पांडेय, कमिश्नर डोमन सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने हरी झण्डी दिखाकर दौड़ को रवाना किए । इसके साथ ही महापौर संजय पांडेय, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने भी दौड़ लगाई। इससे पहले अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सिरहासार भवन के समीप स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

स्वतंत्रता दौड़ की शुरुआत सुबह 8 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से हुई। दौड़ मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर संजय मार्केट, हनुमान मंदिर, हाता ग्राउंड, चांदनी चैक, शहीद पार्क चैक, पुराना बस स्टैंड, एसबीआई चैक, मेन रोड, गोल बाजार चैक और मिताली चैक से होते हुए पुन: माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर एवं होमगार्ड के जवान, शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी, विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दौड़ ने शहर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ खेलों के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने टीबी मुक्त छत्तीसगढ़ का शपथ लिया।



