छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

सावन के पहले सोमवार पर धरसींवा को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधायक अनुज शर्मा ने नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

अंतिम व्यक्ति तक त्वरित स्वास्थ्य सेवा पहुँचाना हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय यह एम्बुलेंस लोहे की गाड़ी नहीं, संकट में जनता का सुरक्षा कवच है: विधायक अनुज शर्मा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर,  सावन माह के पावन प्रथम सोमवार के शुभ अवसर पर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में एक नया अध्याय जुड़ गया है। क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा की विशेष अनुशंसा पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को एक अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त नई एंबुलेंस की सौगात मिली है। आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विधायक अनुज शर्मा के साथ इस नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर जनहित में रवाना किया।

यह एम्बुलेंस आपातकालीन स्थितियों में मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी – मुख्यमंत्री

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “सावन के इस पावन प्रथम सोमवार को धरसींवा क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधा के रूप में एक बड़ी सौगात मिल रही है। हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। धरसींवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए यह एम्बुलेंस आपातकालीन स्थितियों में मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।” मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, जो कि बेहद प्रशंसनीय है। जन-जन तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाना ही हमारी सुशासन की नीति है। यह एम्बुलेंस संकट के समय संजीवनी बनकर जीवन रक्षा का माध्यम बनेगी।

विधायक अनुज शर्मा ने जताया आभार, कहा – ‘यह एम्बुलेंस जनता के लिए सुरक्षा कवच है’
कार्यक्रम के दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आज सावन के पहले सोमवार के शुभ अवसर पर धरसींवा की देवतुल्य जनता को मुख्यमंत्री जी द्वारा समर्पित यह नई एम्बुलेंस केवल लोहे और पहियों की गाड़ी नहीं है, बल्कि संकट के समय किसी परिवार का जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। स्वास्थ्य सेवाएँ ही असल जन-सेवा हैं, और समय पर मिली एम्बुलेंस कई बार जिंदगी और मौत के बीच ढाल बनकर खड़ी होती है।”
विधायक शर्मा ने आगे कहा, “स्वास्थ्य सेवाएँ किसी भी क्षेत्र की रीढ़ होती हैं। जब रात के अंधेरे में किसी गरीब माँ को, किसी बीमार बच्चे को या किसी बुजुर्ग को आपातकाल में अस्पताल पहुँचने के लिए एक-एक मिनट के लिए जूझना पड़ता है, तब यह एम्बुलेंस सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि उस परिवार के लिए साक्षात जीवनदायिनी बनती है। यह एम्बुलेंस धरसींवा के हर नागरिक के प्रति हमारी प्रतिबद्धता, चिंता और कर्तव्य का प्रतीक है। मेरा संकल्प है कि धरसींवा का कोई भी नागरिक इलाज और सुविधाओं के अभाव में खुद को असहाय महसूस न करे। मैं यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का सहहृदय आभार व्यक्त करता हूँ, जिनकी संवेदनशीलता और मार्गदर्शन से यह जनहित कार्य संभव हो सका। धरसींवा की जनता की सेवा ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्वास्थ्य सुविधाओं का यह विस्तार आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”
विधायक  शर्मा ने बताया कि धरसींवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से एक नई और अत्याधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, ताकि आपातकाल में मरीजों को बिना किसी विलंब के रायपुर या नजदीकी बड़े अस्पतालों तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस गरिमामय अवसर पर ज़िला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, धरसींवा जनपद अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, तिल्दा जनपद अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे, मण्डल अध्यक्ष सुनील शर्मा, हरिशंकर वर्मा, टीनूकांत वर्मा, विकास वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा भारी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर
धरसींवा क्षेत्र में नई एंबुलेंस की सौगात मिलने से स्थानीय आम जनों और जनप्रतिनिधियों में भारी हर्ष का माहौल है। इस जनहितैषी पहल और त्वरित निर्णय के लिए सभी क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधायक अनुज शर्मा का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button