बिलासपुर में अभिभावकों की चिंता बढ़ी: स्कूल में ताला बंद कर लापता हुए शिक्षक, असुरक्षित स्थिति में सड़क पर खड़े रहे विद्यार्थी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिलासपुर। जिला शिक्षा अधिकारी की पोस्टिंग पर हाई कोर्ट की रोक के दूसरे दिन शहर के बीच स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस मल्टीपरपस), दयालबंद में शनिवार को शिक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई । शनिवार को स्कूल की निर्धारित छुट्टी शाम पांच बजे की बजाय एक घंटा पहले चार बजे ही कर दी गई। इतना ही नहीं, स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को इसकी कोई पूर्व सूचना भी नहीं दी और शिक्षक-कर्मचारी स्कूल में ताला लगाकर चले गए। नतीजतन कई छात्र-छात्राएं स्कूल के बाहर करीब एक घंटे तक अपने परिजनों का इंतजार करते रहे।

दयालबंद स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 8 जुलाई से सुबह की पाली में पूरक परीक्षाएं चल रही हैं। इसके कारण कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की नियमित कक्षाएं दोपहर 12.45 बजे से शाम पांच बजे तक संचालित की जा रही हैं। शनिवार को इस निर्धारित समय का पालन नहीं किया गया और स्कूल में चार बजे ही छुट्टी कर दी गई।
स्कूल प्रबंधन की सबसे बड़ी चूक यह रही कि छुट्टी का समय बदलने की सूचना अभिभावकों तक नहीं पहुंचाई गई। जबकि सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं और ऐसे मामलों में पूर्व सूचना देना अनिवार्य माना जाता है। शाम चार बजे छुट्टी के बाद शिक्षक और कर्मचारी स्कूल में ताला लगाकर चले गए। कई बच्चे स्कूल के बाहर अपने अभिभावकों का इंतजार करते रहे। जब परिजन रोजाना की तरह शाम पांच बजे स्कूल पहुंचे, तब उन्हें समय से पहले छुट्टी किए जाने की जानकारी मिली।
इस घटना ने विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बच्चों को असुरक्षित स्थिति में छोड़कर शिक्षक-कर्मचारियों का चले जाना नियमों के विपरीत माना जा रहा है।



