जेल में बंद छात्र भी देगा री-NEET एग्जाम:हाईकोर्ट बोला- पुलिस सुरक्षा दिलाई जाए, स्टूडेंट्स के लिए 10 ट्रेनों में लगेंगे 40 एक्स्ट्रा कोच


छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अर्जेंट हियरिंग के मामले की सुनवाई के बाद रायपुर सेंट्रल जेल में बंद छात्र को NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने रायपुर पुलिस कमिश्नर और जेल अधीक्षक को निर्देश दिया है कि छात्र को पुलिस सुरक्षा में परीक्षा केंद्र ले जाकर परीक्षा दिलाई जाए।

वहीं, NEET परीक्षा को देखते हुए ट्रेनों में छात्रों की बढ़ती भीड़ को संभालने और उन्हें बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे ने एक्स्ट्रा कोच लगाने का फैसला किया है। बता दें कि री-NEET परीक्षा 21 जून, रविवार को होगी।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज एक आपराधिक मामले में छात्र वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। छात्र ने अपने वकील के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अंतरिम जमानत की मांग की थी।
याचिका में कहा गया था कि वह NEET परीक्षा में शामिल होना चाहता है। इसके लिए एडमिट कार्ड की कॉपी भी कोर्ट में पेश की गई। छात्र के वकील ने जेल में पढ़ाई के लिए जरूरी अध्ययन सामग्री मुहैया कराने का भी रिक्वेस्ट किया।
मामले की तत्काल सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि छात्र को पुलिस कस्टडी में परीक्षा दिलाई जाए और परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे तुरंत वापस जेल लाया जाए।
साथ ही जेल प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जेल नियमों के अनुसार छात्र को आवश्यक अध्ययन सामग्री मुहैया कराई जाए, ताकि वह परीक्षा की तैयारी कर सके।
बिलासपुर में 19 परीक्षा केंद्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिले में NEET परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने शहर के 19 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। इस बीच, सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने परीक्षार्थियों के लिए 24 घंटे की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू की है।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। NEET पेपर लीक की घटना को ध्यान में रखते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही, बारिश की संभावना को देखते हुए आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं, ताकि कैंडिडेट्स को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सिम्स ने शुरू की 24 घंटे हेल्पलाइन
कैंडिडेट्स की मदद के लिए सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने 24 घंटे की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू की है। इससे परीक्षा को लेकर तनाव या घबराहट महसूस करने वाले छात्रों को विशेषज्ञों से सलाह और सहायता मिल सकेगी।
रेलवे का विशेष इंतजाम
NEET परीक्षा के दौरान छात्रों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 10 ट्रेनों में 40 एक्स्ट्रा जनरल कोच लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही छात्रों की सुविधा के लिए विशेष मेमू ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा।
रेलवे की अपील
NEET-2026 परीक्षा को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने छात्रों से स्पेशल ट्रेनों का फायदा उठाने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि कैंडिडेट्स समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें और यात्रा की योजना पहले से बनाएं।
रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों से रिक्वेस्ट है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और स्टॉपेज की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें।



