छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान:रायपुर में 0 से 5 वर्ष तक के 3.45 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर जिले में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 0 से 5 वर्ष आयु के सभी बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायत भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पूर्व वर्षों की तरह पोलियो बूथ स्थापित किए जाएं। साथ ही अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

1331 बूथों पर तैनात रहेंगे टीकाकर्मी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि, जिले में 1331 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे। हर बूथ पर चार टीकाकर्मी तैनात रहेंगे, जो दो टीमों में विभाजित होकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे। जिले में कुल 3 लाख 45 हजार 373 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

छूटे बच्चों को घर-घर जाकर पिलाई जाएगी खुराक

अभियान दिवस पर किसी कारणवश छूट जाने वाले बच्चों को दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। जिला स्वास्थ्य समिति ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को 28 जून को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।

Related Articles

Back to top button