UP में गांजा तस्करों को पकड़ने गई रायपुर-पुलिस पर हमला:आरोपी ने मचाया शोर, ग्रामीणों ने चोर समझकर पीटा; एक सिपाही गंभीर घायल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में दबिश देने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाकी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि आरोपी के ‘चोर-चोर’ चिल्लाते ही ग्रामीण भड़के उठे और टीम पर हमला कर दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला कौशांबी (UP) के कोखराज थाना क्षेत्र का है।
UP के कौशांबी पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार रायपुर की गंज थाना पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के ईचौली गांव में रहने वाले आकाश, शिवम और एक अन्य आरोपी की तलाश में पहुंची थी। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने पहले आरोपी आकाश को पकड़ लिया था। इसके बाद जब टीम दूसरे आरोपी शिवम के घर पहुंची, तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया।
शिवम के शोर मचाते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सादे कपड़ों में होने के कारण ग्रामीण पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे।
ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की
देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया
वहीं, चार अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ASP ने घटना की पुष्टि की
कौशांबी की अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि रायपुर पुलिस ने लोकल पुलिस की मदद से एक आरोपी को पकड़ा था, लेकिन दूसरे आरोपी को पकड़ने के दौरान उन्होंने लोकल पुलिस को बिना जानकारी दिए कार्रवाई की।
ऐसे में टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। साथ ही मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
कौशांबी में गांजा तस्करी के आरोपी को पकड़ने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में तीन नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।



