छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर में डॉक्टर के नाम से ठगी की कोशिश:सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर परिचितों से मांगे पैसे, जांच में जुटी पुलिस

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अज्ञात व्यक्ति ने नामी डॉक्टर की पहचान का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की। मामले में शिकायत मिलने के बाद टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता डॉक्टर का नाम डॉ. संदीप दवे बताया गया है।

टिकरापारा पुलिस के अनुसार रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप दवे ने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि अज्ञात मोबाइल नंबर के जरिए सोशल मीडिया पर उनके नाम से फर्जी आईडी बनाकर अलग-अलग लोगों से पैसे की मांग की जा रही है।

डॉ. दवे के मुताबिक, आरोपी लोगों को मैसेज भेजकर खुद को डॉक्टर बताते हुए किसी आपात स्थिति या जरूरत का हवाला देकर आर्थिक मदद मांग रहा है। इससे न केवल लोगों के ठगी का शिकार होने का खतरा है, बल्कि उनकी व्यक्तिगत और संस्थागत साख पर भी असर पड़ रहा है।

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी घटना

यह पहली बार नहीं है, जब इस तरह की घटना सामने आई हो। इससे पहले भी इसी प्रकार की ठगी की कोशिश की जा चुकी है, जिसकी शिकायत उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई थी। उस शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर भी पुलिस को सौंपा गया है। इसके बावजूद आरोपी फिर से सक्रिय हो गया है।

शिकायत में डॉक्टर ने पुलिस से मांग की है कि संबंधित मोबाइल नंबर की तत्काल जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह

टिकरापारा पुलिस के अनुसार डॉक्टर दवे की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने के मामलों में सतर्क रहने की जरूरत है। बिना पुष्टि किए किसी को भी पैसे ट्रांसफर न करें।

अफसरों के नाम पर भी हो चुकी ठगी की कोशिश

सोशल मीडिया में आईडी बनाकर ठगी करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की आईडी बनाकर साइबर ठग वारदात करने की कोशिश कर चुके है। पुलिस अधिकारियों ने ठगों से सावधान रहने का अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button