मौसम ने बदली करवट, तेज हवाओं के साथ बारिश, गर्मी और उमस से मिली राहत

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गौरेला पेंड्रा मरवाही में गुरुवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली। दिनभर की भीषण गर्मी और उमस के बाद तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते तापमान से लोग परेशान थे, ऐसे में अचानक हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है।
तेज हवाओं के साथ आई बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं कई तरह की परेशानियां भी खड़ी कर दीं। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे में समय बिताना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। इसके अलावा तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने की खबरें भी सामने आई हैं, जिससे कुछ स्थानों पर रास्ते अवरुद्ध हो गए और आवागमन प्रभावित हुआ।
अचानक बदले मौसम का असर बाजारों और सड़कों पर भी देखने को मिला। बारिश और तेज हवा के चलते लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीण इलाकों में भी तेज हवा और बारिश का असर देखा गया, जहां कुछ स्थानों पर कच्चे मकानों और टीन शेड को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।



