Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सीहोर। बावड़िया नोआबाद गांव में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब भोजन करने के बाद 100 से अधिक मेहमान अचानक बीमार पड़ गए। देर रात शुरू हुई इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के साथ बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे, जिससे स्वास्थ्य विभाग भी तुरंत अलर्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में मावे से बनी मिठाई को बीमारी की वजह माना जा रहा है, हालांकि सैंपल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार शादी समारोह में शामिल मेहमानों ने जैसे ही भोजन किया, कुछ ही समय बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते यह संख्या बढ़कर 100 से अधिक पहुंच गई, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
मावे की मिठाई पर संदेह
परिजनों का आरोप है कि मावे से बने गुलाब जामुन खाने के बाद ही अधिकांश लोग बीमार पड़े। आशंका जताई जा रही है कि मावा मिलावटी या एक्सपायर्ड हो सकता है, जिससे फूड प्वाइजनिंग की स्थिति बनी।
मरीजों को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। एम्बुलेंस के जरिए मरीजों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। डॉक्टर अर्जुन कुमार के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका
बताया जा रहा है कि समारोह में करीब एक हजार लोग शामिल हुए थे। फिलहाल 100 से अधिक लोग बीमार हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है।
खाद्य विभाग पर उठे सवाल
घटना के बाद खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भोजन और मावे के सैंपल एकत्र किए हैं। इन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को बेहतर उपचार देने के प्रयास जारी हैं।