कट्टे की नोक पर कारोबारी से 1 करोड़ के जेवर लूटे, बिलासपुर में बीच सड़क पर दिनदहाड़े डकैती

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिलासपुर। शहर में मंगलवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी पर जानलेवा हमला कर लगभग एक करोड़ रुपये के जेवर लूट लिए। घटना रात करीब 9:30 बजे राजकिशोर नगर क्षेत्र में हुई।

वसंत विहार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी चार-पांच बदमाशों ने उनकी कार के सामने एक वेन अड़ाकर रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके सिर पर हथौड़े और पिस्टल के बट से वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
घायल व्यापारी को तत्काल बहतराई रोड स्थित प्रथम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सीएसपी निमितेष सिंह के अनुसार, बदमाशों ने व्यापारी की कार भी लूट ली, जिसमें करीब एक करोड़ रुपये के जेवर रखे थे। देर रात तक पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी रही।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
लूट की पूरी घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाश व्यापारी को रोककर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक वहां रुका, लेकिन बदमाशों ने उसे पिस्टल दिखाकर भगा दिया।



