छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी आयोजित

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 पर एक ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का आयोजन किया, जिसमें भारतीय शिक्षा प्रणाली के लिए इसके परिवर्तनकारी दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया गया। इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे , नगर पालिका अध्यक्ष श्री अशोक जैन, उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र महाले, श्रीमती रंजना आहूजा एवं श्रीमती सरस्वती चंद्रवंशी की गरिमामय उपस्थिति रही, साथ ही शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों के अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राजगीत के साथ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन फीता काट कर किया गया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए अनेक विषयों पर आधारित सुव्यवस्थित स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल्स में बहु-विषयक शिक्षा, लचीला पाठ्यक्रम, व्यावसायिक शिक्षा, मातृभाषा में शिक्षण, कौशल आधारित शिक्षण तथा समग्र विकास जैसे पहलुओं को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया।

विशेष आकर्षण के रूप में हस्तशिल्प, टाई-डाई (बंधेज) साड़ियाँ, हैंडलूम उत्पाद, पारंपरिक कढ़ाई, क्रोशिया कार्य, तथा सजावटी वस्तुएँ भी प्रदर्शित की गईं। गृह विज्ञान विभाग द्वारा पोषणयुक्त खाद्य प्रदर्शनी, बच्चों के लिए खेल-खिलौने, तथा शिशु विकास पर आधारित माडल प्रस्तुत किए गए।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी महाविद्यालय की छात्राओं की पहचान उनके द्वारा तैयार कागज़ के फूलों व बुके के लिए की जाती थी जो कि इस अवसर पर भी एक सलीके के साथ इकेबाना,मोरीबाना, निगोर,रिका, शिका माडर्न, ट्रेडिशनल अरेंजमेंट के रूप में सबको आकर्षित किया।

कला संकाय द्वारा ‘इतिहास में छत्तीसगढ़ की साहित्यिक धरोहर’ पर आधारित साहित्यिक एवं ऐतिहासिक पोस्टर, जबकि विज्ञान संकाय द्वारा मॉडल्स, मेडिकल प्लांट्स, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन आदि पर शैक्षणिक प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। गणित एवं अर्थशास्त्र विभाग द्वारा गणनाओं के नवीन दृष्टिकोण, चार्ट व इन्फोग्राफिक्स के माध्यम से विषयों को रोचक रूप में प्रस्तुत किया गया।

गृह विज्ञान विभाग द्वारा बेकिंग कला पर विशेष स्टॉल लगाया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए विविध प्रकार के केक, कुकीज़, पेस्ट्री, ब्राउनी और अन्य बेकरी उत्पादों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया। इन स्वादिष्ट और सजावटी बेक्ड आइटम्स ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और विद्यार्थियों की पाक कौशल और नवाचार क्षमता को उजागर किया।

 

डिजिटल संकाय द्वारा डिजिटल स्किल्स व भविष्य की संभावनाओं पर आधारित पोस्टर एवं प्रेजेंटेशन दर्शकों का विशेष आकर्षण बने।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और प्रस्तुतिकरण की सराहना करते हुए कहा कि “यह आयोजन न केवल राष्ट्रीय शिक्षा नीति को समझने का सशक्त माध्यम है, बल्कि यह छात्रों के नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरक कदम है।”

प्राचार्या डॉ. वासु वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए इस प्रयास को महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

Related Articles

Back to top button