नक्सलवाद की समस्या पर बोले गृहमंत्री विजय शर्मा:कहा- नक्सलियों ने समाज को बहुत दर्द दिया है, सबका हिसाब लेंगे

सच तक इंडिया रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों पर कार्रवाई को लेकर सरकार की मंशा को बता दिया है। सीएसवीटीयू भिलाई पहुंचे विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलियों ने उस क्षेत्र के लोगों और समाज को बहुत दर्द दिया है। उस एक-एक दर्द का हिसाब लेना होगा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सली गतिविधियों को लेकर पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नक्सली मुद्दे पर पिछली सरकार तो कंप्रोमाइज करती रही है, लेकिन भाजपा सरकार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रतिबद्ध है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उन्होंने कहा कि नक्सली घटनाओं से पूरा प्रदेश आहत है। गृहमंत्री बनने के बाद उन्होंने नक्सली घटना से पीड़ित कुछ परिवारों और जवानों से मुलाकात कर बात की। उनकी बातों से पता चला कि नक्सलियों के अंदर एक अजीब सी सनक है। मुझे कोई बताए कि वो चाहते क्या हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि नक्सल क्षेत्र के युवा और लोगों से बात करने पर पता चला कि उनकी चाहतें भी आम लोगों की तरह हैं। वहां युवा अमेरिका में पढ़ाई करने जाना चाहते हैं। टीवी में अपनी कला को दिखाना चाहते हैं, लेकिन नक्सलियों ने उन्हें मानो बांध सा दिया है। उन्होंने इस समाज को बहुत दर्द दिया है और इस पूरे दर्द का हिसाब लेना होगा।

अयोध्या के राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा और दर्शन के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में 12-14 साल बाद भगवान घर लौटे थे। ये कलयुग है, तो भगवान को लौटने में 500 साल लग गए। भगवान अपने घर लौट रहे हैं। इसे खुशी से मनाना चाहिए। जब पेरिस में एफिल टावर सज रहा है, वहां लोग भगवान राम की शोभा यात्रा निकाल रहे हैं, राम कीर्तन हो रहा है, इसके बाद अगर अपने देश में राम मंदिर के खिलाफ कुछ कहता है, तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है।
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम को युवा दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने यहा कम्प्यूटर, लैब स्मार्ट क्लास समेत कई तकनीकी कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने इन 8 स्टार्टअप को शुरू करने के लिए 34 लाख रुपए का वित्तीय अनुदान भी दिया। उप मुख्यमंत्री एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री विजय शर्मा ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य भारत के पहले रिमोट पायलट ट्रेनिंग सेंटर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सीएसवीटीयू ड्रोन एप्लीकेशन सेवा प्रदान करने वाला राज्य का पहला और इकलौता संस्थान बन गया है। यहां के कुलपति प्रो एमके वर्मा ने कहा कि इस ट्रेनिंग सेंटर के जरिए विश्वविद्यालय हर साल 2400 कुशल पायलट देने में सक्षम हो गया है।



