Haryana Election Result: ‘अति आत्मविश्वास ठीक नहीं…’, हरियाणा में कांग्रेस की हार पर केजरीवाल ने कसा तंज

सच तक इंडिया रायपुर दिल्ली। हरियाणा में शुरुआती रुझानों में भाजपा की बढ़त और कांग्रेस की हार पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों का “सबसे बड़ा सबक” यह है कि चुनावों में कभी भी “अति आत्मविश्वासी” नहीं होना चाहिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भाजपा हरियाणा में आसान जीत की ओर बढ़ रही है। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों में से 50 सीटों पर आगे चल रही है। कई सीटों पर नतीजे भी आ गए हैं। अरविंद केजरीवाल का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब हरियाणा में भाजपा स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाती दिखाई दे रही है।
केजरीवाल ने आप नगर निगम पार्षदों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देखते हैं हरियाणा में परिणाम क्या आते हैं। इसका सबसे बड़ा सबक यह है कि चुनावों में कभी अधिक आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए। किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। हर चुनाव और हर सीट पर चुनाव जीतना कठिन होता है।
हरियाणा में कांग्रेस के साथ चुनाव से पहले गठबंधन करने में आप नाकाम रही थी, क्योंकि सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों में मतभेद था। कांग्रेस की ओर से नौ सीटें दिए जाने की मांग ठुकराने के बाद आप ने हरियाणा की कुल 90 सीटों में से 89 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा।
आप उम्मीदवार लगभग सभी सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे हैं। केजरीवाल ने इससे पहले हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि आप के समर्थन के बिना राज्य में कोई सरकार नहीं बनेगी।
उन्होंने पार्टी पार्षदों से अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कड़ी मेहनत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आपकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। हम चुनाव जीतेंगे, बशर्ते आप सुनिश्चित करें कि आपके क्षेत्रों से कूड़े का उचित संग्रह और निपटान हो, जो कि एक बहुत ही बुनियादी बात है।”



