चार दिनों से ठप पड़े गैस कंपनियों के सर्वर ने पकड़ी रफ्तार, तो जबलपुर में उपभोक्ताओं को मिलने लगी राहत

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जबलपुर। चार दिनों से लगभग ठप पड़े गैस कंपनियों के सर्वर ने शुक्रवार को रफ्तार पकड़ी और सिलिंडर बुक करने के लिए परेशान हो रहे उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली। जिला प्रशासन ने सिलिंडर का अवैध भंडारण, विक्रय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराजपुर के एक घर से 46 घरेलू-कमर्शियल सिलिंडर जब्त किए गए हैं।
होटल, रेस्टारेंट में खाद्य विभाग ने घरेलू गैस के उपयोग पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। गैस सिलिंडर बुक करने वालों की संख्या एकदम बढ़ने की वजह से गैस वितरण करने वाली कंपनियों के सर्वर में दबाव इतना बढ़ा की वह लगभग चार दिन ठप रहा। सुबह काम पटरी पर आने से रसोई गैस का वितरण घरों तक किया गया। वहीं कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई नहीं होने से होटलों के किचन सूने नजर आने लगे हैं।
डेढ़ लाख से ज्यादा सिलिंडर की बुकिंग
गैस एजेंसी संचालक ने बताया कि जिले की सभी एजेंसियों में करीब डेढ़ लाख बुकिंग प्रदर्शित हो रही है। नए नियम के मुताबिक शहर में 25 दिन और गांव में 45 दिन बाद दूसरा सिलिंडर बुक होगा। इस वजह से इस संख्या में कमी आएगी। करीब एक लाख उपभोक्ताओं को सिलिंडर देना है। जिले में करीब साढ़े तीन लाख एलपीजी सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ता हैं और उज्ज्वला के उपभोक्ताओं की संख्या भी करीब 70 हजार है।
मोबाइल से बुकिंग बनी बाधा
अधारताल में गैस लेने आए उपभोक्ता शंकर सक्सेना ने बताया कि बुकिंग अब हो रही है। दिक्कत मोबाइल बुकिंग से करने में हो रही है। सुहागी निवासी कुसुम बाई कहती हैं कि बुकिंग वाला नंबर बंद होने से परेशानी है। इधर, एजेंसियों के संचालक भी मोबाइल की बाध्यता से सिलिंडर की सप्लाई में असर आने की बात कह रहे हैं।



