क़ृषि व्यापार एवं रोजगारप्रमुख खबरें

SBI का मुनाफा 14% बढ़कर ₹23,038 करोड़:दूसरी तिमाही में ब्याज से कमाई 15% बढ़ी, अनुमान से अच्छे रहे बैंक के नतीजे

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI को सितंबर तिमाही में 23,038 करोड़ का मुनाफा हुआ है, जो पिछले साल इसी समय के मुकाबले करीब 14% ज्यादा है। उस तिमाही में बैंक को 20,160 करोड़ का मुनाफा हुआ था। बैंक की मुख्य कमाई लोगों को दिए गए कर्ज पर मिलने वाले ब्याज से होती है। इसे NII यानी नेट इंटरेस्ट इनकम कहते हैं। इस तिमाही में बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम बढ़कर ₹49,142 करोड़ पर पहुंच गई है। इसमें पिछले साल के मुकाबले करीब 15% की बढ़त दर्ज की गई है। पिछले साल यह करीब ₹42,847 करोड़ थी।

नतीजों से SBI का शेयर 1% चढ़ा

रिजल्ट के बाद SBI का शेयर आज 1% चढ़कर 995 रुपए पर कारोबार कर रहा है। एक महीने में यह 4% और एक साल में 5% चढ़ा है। बीते 6 महीने में बैंक का शेयर 7% गिरा है। SBI का मार्केट कैप 9.15 लाख करोड़ रुपए है।

बैंक की लोन और डिपॉजिट रिपोर्ट

  • बैंक लोन (ग्रॉस एडवांसेज): 30 सितंबर 2026 तक बैंक का कुल दिया गया लोन 7.84% बढ़कर 52 लाख करोड़ रुपए हो गया।
  • कुल जमा (डिपॉजिट): बैंक में ग्राहकों द्वारा जमा किया गया कुल पैसा 12.27% की बढ़ोतरी के साथ 63 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
  • साधारण व चालू खाता (CASA): सेविंग्स और करेंट अकाउंट में जमा राशि 8.13% बढ़ी, जो कुल जमा पैसे का 38.3% हिस्सा है।
  • फिक्स्ड डिपॉजिट (FD): बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD के जरिए जमा किए गए पैसे में 14.26% की सबसे बड़ी बढ़त दर्ज हुई।

डूबा हुआ पैसा कम हुआ, लोन वसूली तेज

बैंक के ग्राहकों के दिए कर्ज की स्थिति यानी एसेट क्वालिटी भी बेहतर हुई है। यानी लोगों को दिया गया पैसा समय पर वापस लौट रहा है और बैंक का डूबा हुआ पैसा कम हुआ है। बैंक का वास्तविक फंसा हुआ कर्ज यानी नेट NPA अनुपात घटकर मात्र 0.36% रह गया है, जो इससे ठीक पिछली तिमाही में 0.38% और पिछले साल की समान तिमाही में 0.42% था।

अनुमान से अच्छे रहे बैंक के नतीजे

  • मुनाफे पर अनुमान: बाजार जानकारों का अनुमान था कि बैंक का मुनाफा ₹22,860 करोड़ के आसपास रहेगा, जबकि असल मुनाफे ने अनुमान को पीछे छोड़ दिया है।
  • ब्याज आय में बढ़ोतरी: एनालिस्ट को उम्मीद थी कि बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम में 11% से 13% की मजबूत बढ़त देखने को मिलेगी।
  • लोन ग्रोथ की रफ्तार: ब्रोकरेज फर्मों ने अनुमान जताया था कि बैंक की कुल लोन डिलीवरी (एडवांसेज) सालाना आधार पर 17% से 18% तक बनी रहेगी।
  • फंसा हुआ कर्ज (NPA): जानकारों को भरोसा था कि बैंक के एसेट क्वालिटी में कोई नया बड़ा संकट नहीं आएगा और NPA में सुधार जारी रहेगा।

उम्मीद से बेहतर मुनाफे के मुख्य कारण

सबसे मुख्य वजह बैंक को SBI फंड्स मैनेजमेंट में अपनी हिस्सेदारी बेचने से मिला करीब ₹7,288 करोड़ का एकमुश्त फायदा रहा। इसके अलावा, बैंक की ब्याज आय में 15% की मजबूत बढ़ोतरी हुई और इसकी कुल लोन बुक में 18% तक का अच्छा विस्तार देखा गया। एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार होने से भी बैंक के मुनाफे को सहारा मिला।

ब्रोकरेज फर्मों की शेयर खरीदने की सलाह, टारगेट ₹1370

  • मोतीलाल ओसवाल: ब्रोकरेज फर्म ने SBI बैंक का टारगेट ₹1,370 रखते हुए शेयर खरीदने की सलाह दी है।
  • ICICI सिक्योरिटीज : बैंक की मजबूत रिकवरी और एसेट क्वालिटी को देखते हुए ₹1,300 का टारगेट प्राइस दिया है।
  • एक्सिस डायरेक्ट: बैंक की क्रेडिट ग्रोथ और बेहतर मार्जिन के दम पर शेयर के लिए ₹1,280 का टारगेट तय किया है।
  • प्रभुदास लीलाधर: बैंक की आय में बढ़त को देखते हुए शेयर का टारगेट ₹1,200 बताया है।

देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक है SBI

SBI देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक है। SBI में सरकार की 55.5% हिस्सेदारी है। 1 जुलाई 1955 को इसकी स्थापना हुई थी। बैंक का मुख्यालय मुंबई में है। वहीं बैंक की 22,500 से ज्यादा ब्रांच और 50 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। बैंक दुनिया के 29 देशों में काम करता है। भारत के बाहर इसकी 241 ब्रांच हैं।

Related Articles

Back to top button