रास गरबा में रेंट पर पार्टनर के विज्ञापन पर फूटा गुस्सा, कन्हैया के नेतृत्व में सौंपा गया पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन
सोशल मीडिया से तत्काल विवादित पोस्ट हटाने और आयोजकों पर मामला दर्ज करने की मांग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। हिंदू धर्म के पावन पर्व नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले रास गरबा में रेंट पर पार्टनर उपलब्ध कराने संबंधी सोशल मीडिया विज्ञापन को लेकर जनाक्रोश भड़क गया है। इस गंभीर मुद्दे पर आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि जगत जननी मां जगदंबे की आराधना का पर्व नवरात्रि अत्यंत पवित्र और आस्था का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर रास गरबा के लिए ‘रेंट पर पार्टनरÓ का पोस्टर जारी कर विज्ञापन करना सनातन धर्म का अपमान है और इससे माँ दुर्गा के उपासकों व समस्त सनातन धर्मियों की धार्मिक भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं। कन्हैया अग्रवाल ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि कुछ इवेंट कंपनियां लगातार धार्मिक आयोजनों को टारगेट कर सामाजिक मर्यादाओं को तार-तार कर रही हैं। भविष्य में कोई भी संस्था या इवेंट कंपनी इस तरह का दुस्साहस न कर सके, इसके लिए ऐसे असामाजिक तत्वों और आयोजकों पर गैर-जमानती धाराओं के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल संगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने कहा कि इससे पहले भी न्यूड पार्टी और रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर महिलाओं के लिए पैग फ्री जैसे अनैतिक विज्ञापन जारी कर शासन-प्रशासन को चुनौती दी जा चुकी है। ऐसी प्रवृत्तियों पर समय रहते लगाम लगाना बेहद जरूरी है। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से संगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक, सुरेश बाफना, आस मोहम्मद, शरद गुप्ता, देवेंद्र पवार, शंकर सेन, राजेश त्रिवेदी, प्रतीक तिवारी, सैफुल्लाह, जी. करणराज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।




