छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें
यलो अलर्ट का नहीं दिखा असर, रायपुर में सुबह से तेज धूप कई जिलों में अंधड़ की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी यलो अलर्ट रायपुर में बेअसर रहा। सुबह से ही तेज धूप है।मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज अंधड़ चलने की चेतावनी दी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जिसमें ओडगी में सर्वाधिक 5 सेमी, कुआकोंडा में 4 सेमी और बड़े बचेली में 3 सेमी बारिश हुई। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 42.2°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 23.4°C दर्ज किया गया।
सक्रिय सिस्टम मानसून के लिए अनुकूल
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में एक प्रभावी सिनॉप्टिक सिस्टम सक्रिय है, जिसके तहत पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है। इसके साथ ही अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी हवाओं का रुख बदला है।
कुछ मैदानी क्षेत्रों में हल्की आंधी
विभाग द्वारा जारी नक्शे और चेतावनी के अनुसार, राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ‘येलो अलर्ट’ जबकि कुछ पूर्वी सीमावर्ती इलाकों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, सुकमा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है। कुछ मैदानी क्षेत्रों में हल्की आंधी के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भी हवा चल सकती हैं।
आज 41 पर रह सकता है पारा
राजधानी रायपुर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान में बताया गया है कि 06 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय (बादल छाए) रहेगा। शहर में बारिश, गरज-चमक या तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 41°सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29°सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दो दिनों के दृष्टिकोण (आउटलुक) में भी प्रदेश में इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है, जिसके तहत एक-दो स्थानों पर वज्रपात और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। खराब मौसम के दौरान नागरिकों को पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने व सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!



