बिलासपुर में प्रेमी की फरमाइशों ने ली महिला की जान, जेवर गिरवी रखने और पैसों के दबाव में की आत्महत्या

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के लाखासार में रहने वाली महिला ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने जांच के बाद प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया है। मृतका का आरोपित युवक से प्रेम संबंध था, जो लगातार उससे रुपये की मांग कर रहा था और उसके सोने-चांदी के जेवर भी गिरवी रखवा दिए थे। जेवर वापस नहीं मिलने और लगातार मानसिक दबाव के चलते महिला ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि लाखासार निवासी रंजिता यादव गृहणी थीं। उनके दो बच्चे हैं। महिला की 19 जनवरी को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मृतका के स्वजन और परिचितों के बयान दर्ज किए।
लंबे समय से प्रेम संबंध था
जांच में सामने आया कि रंजिता यादव का तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी निवासी सौरभ विश्वास से लंबे समय से प्रेम संबंध था। इस दौरान सौरभ आए दिन रंजिता से पैसों की मांग करता था। पति और घर के लोगों से छुपकर महिला उसकी मांगें पूरी करती रही। इतना ही नहीं, सौरभ ने रंजिता के सोने-चांदी के जेवर भी गिरवी रखवाकर उससे रुपये लिए। जब रंजिता ने अपने गिरवी रखे गए जेवर वापस मांगने शुरू किए तो सौरभ लगातार टालमटोल करने लगा। जेवर लौटाने से इंकार करने और पैसों को लेकर लगातार दबाव बनाए रखने से रंजिता मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। पुलिस ने मोबाइल काल डिटेल, मैसेज और स्वजन के बयान के आधार पर आरोपित सौरभ विश्वास के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।


