1 लाख 86 हजार 600 की साइबर ठगी मामले में दो गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
खैरागढ़। कमीशन का लालच देकर गातापार थाना क्षेत्र के निवासी राकेश कुमार भोक्ते व उसकी पत्नी सावित्री बाई भोक्ते के खाते से दो शातिर ठगो ने अलग-अलग तारीखों में 1 लाख 86 हजार 600 रुपये उसके बैंक खाते से निकाल लिए। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरु की और उत्तराखंड और दिल्ली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी रकम निकालकर 10 प्रतिशत कमीशन रखता था, जबकि दूसरा कथित तौर पर रकम को डॉलर में बदलने का काम करता था।
एडिशनल एसपी रूपेश कुमार दांडे ने आज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 अगस्त 2026 को राकेश कुमार के आईडीबीआई बैंक, दाउचौरा खैरागढ़ स्थित खाते से 99 हजार रुपये और उनकी पत्नी सावित्री बाई भोक्ते के छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, पाड़ादाह शाखा स्थित खाते से 80 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद 1 सितंबर 2026 को एचडीएफसी बैंक, खैरागढ़ स्थित खाते से भी 7,600 रुपये निकल गए। शिकायत के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 338/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66ष्ठ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को बैंक केवाईसी समन्वय पोर्टल से अहम जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के झनकईया थाना क्षेत्र पहुंची। यहां तारादेवी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, तारादेवी ने बताया कि उज्जवल सिंह दानू ने जून 2026 में उनके बैंक खाते लेने के बदले 5 हजार रुपये देने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक और यूनियन बैंक के खाते एटीएम कार्ड सहित उसे दे दिए। पुलिस ने तारादेवी के कब्जे से दोनों बैंकों की पासबुक और सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया। उन्हें नोटिस देकर जांच में सहयोग करने के लिए कहा गया और सुपुर्दनामा पर छोड़ा गया। इसके बाद पुलिस ने उज्जवल सिंह दानू से पूछताछ की।
मामले की अगली कड़ी में पुलिस टीम दिल्ली पहुंची, जहां से सतविंदर सिंह (27) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सतविंदर ने कथित तौर पर ठगी से प्राप्त भारतीय मुद्रा को डॉलर में बदलने की बात बताई। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने सतविंदर को 18 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



