श्री सीमेंट की प्रस्तावित सण्डी लाइमस्टोन खनन परियोजना पर 11 दिसंबर को होने वाली सुनवाई टली
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
खैरागढ़। जिले के सण्डी, पण्डरिया, बुंदेली, विचारपुर और भरदागोंड क्षेत्र में प्रस्तावित श्री सीमेंट लिमिटेड की सण्डी लाइमस्टोन ब्लॉक खनन परियोजना के लिए निर्धारित पर्यावरणीय स्वीकृति संबंधी लोक सुनवाई को जिला प्रशासन ने आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है। यह सुनवाई 11 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे बुंदेली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे मैदान में आयोजित की जानी थी। बताया जाता है कि आसपास के लगभग 40 गांव के लोगों के विरोध और कुछ राजनीतिक दलों के आंदोलन के बाद यह सुनवाई टाल दी गयी है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि अपरिहार्य कारणों के चलते निर्धारित तिथि की लोक सुनवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई है। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त परियोजना के लिए कंपनी द्वारा 404 हेक्टेयर क्षेत्र में 3.64 मिलियन टन प्रतिवर्ष चूना पत्थर खनन, 5.128 मिलियन टन अपशिष्ट, 0.0409 मिलियन टन टॉप सॉइल और 0.182 मिलियन टन आरओएम रिजेक्ट्स उत्खनन का प्रस्ताव दिया गया है। साथ ही 1200 TPH की प्राइमरी क्रशर और 400 TPH की सेकेंडरी क्रशर मशीन लगाने की अनुमति भी प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि इस सुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार ठाकुर द्वारा की जानी थी। पत्र में जिला प्रशासन लिखा है कि अपरिहार्य कारणों से आगामी आदेश तक स्थगित किया जाता है।


