छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव एवं कानूनी जागरूकता पर अतिथि व्याख्यान आयोजित

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी, रायपुर के कंप्यूटर विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय “डिजिटल युग में साइबर अपराध : डिजिटल अरेस्ट से बैंकिंग धोखाधड़ी तक – चुनौतियाँ, कानूनी प्रावधान एवं सुरक्षा उपाय” रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जितेंद्र कुमार सोनवानी एवं चंद्रकिरण मनकर, सिविल जज / न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर टीम उपस्थित रहे।

स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सांध्य गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल क्रांति का युग है। शिक्षा, बैंकिंग, व्यापार एवं दैनिक जीवन के अधिकांश कार्य ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हो रहे हैं। जहाँ डिजिटल तकनीक ने जीवन को सरल एवं सुविधाजनक बनाया है, वहीं साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाएँ एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आई हैं। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य वक्ता जितेन्द्र कुमार सोनवानी ने अपने व्याख्यान में डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते मामलों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न सरकारी एजेंसियों, पुलिस अधिकारियों एवं न्यायिक संस्थाओं के नाम का दुरुपयोग कर आम नागरिकों को भयभीत करते हैं तथा उनसे धनराशि की मांग करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के नाम पर फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डराकर पैसे की मांग किए जाने पर सतर्क रहना चाहिए।

चंद्रकिरण मनकर ने बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों तथा डिजिटल भुगतान से संबंधित जोखिमों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को अपने डिजिटल अधिकारों एवं कानूनी सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

दोनों न्यायिक अधिकारियों ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने, संबंधित बैंक को सूचित करने तथा उपलब्ध कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने साइबर सुरक्षा को केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण विषय बताया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. रात्रि लहरी, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं डॉ. अमिता तेलंग, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर विभाग के संयोजन में किया गया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी मंच संचालन डॉ. दीपशिखा शर्मा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रात्रि लहरी, जिला संगठक, राष्ट्रीय सेवा योजना ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथियों जितेंद्र कुमार सोनवानी एवं चंद्रकिरण मनकर के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सांध्य गुप्ता, कंप्यूटर विभाग, समस्त प्राध्यापकगण, आयोजन समिति एवं उपस्थित छात्राओं का सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button