रायपुर में किराना दुकान में लगी आग..कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर के बढ़ईपारा इलाके में गुरुवार सुबह एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगते ही दुकान से धुएं का गुबार और लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से बच गई। बताया जा रहा है कि यह दुकान कुमार नामक कारोबारी की है।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है, जबकि दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे नजर आ रहे हैं।
सुबह 6:30 बजे लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे दुकान बंद थी। इसी दौरान दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने दुकान के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग लगने से दुकान में रखे किराना सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है।
नुकसान का वास्तविक आंकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा
आगजनी में कोई जनहानि नहीं
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



