अभनपुर जनपद अध्यक्ष की कुर्सी पर संकट! 2 दिसंबर को वोटिंग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। रायपुर जिले की जनपद पंचायत अभनपुर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जनपद पंचायत अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर अब फैसला 2 दिसंबर को होगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए विशेष सम्मेलन बुलाने का आदेश जारी कर दिया है। इस दिन होने वाली बैठक और मतदान से तय होगा कि चंद्रिका बंजारे अध्यक्ष पद पर बनी रहेंगी या जनपद पंचायत में नेतृत्व परिवर्तन होगा।
रायपुर कलेक्टर ने जनपद पंचायत अभनपुर के सभाकक्ष में विशेष सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। अपर कलेक्टर शिम्मी नाहिद को इस सम्मेलन के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन की ओर से तारीख तय होने के बाद अब जनपद पंचायत की राजनीति में इस बैठक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जनपद पंचायत अभनपुर में कुल 25 सदस्य हैं। यहां भाजपा समर्थित अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ 9 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। ये सदस्य कांग्रेस समर्थित बताए जा रहे हैं। उन्होंने अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन के सामने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग रखी थी। सदस्यों की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया था कि जनपद पंचायत में महत्वपूर्ण फैसले लेते समय निर्वाचित सदस्यों को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। उनका कहना था कि निर्णय प्रक्रिया में सदस्यों की भागीदारी और सहमति को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा। इसी वजह से सदस्यों में अध्यक्ष के प्रति असंतोष बढ़ा है।



