छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

गुरुकुल महिला महाविद्यालय में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर। भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला एवं नागरिक अधिकारों के संरक्षक भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से गुरुकुल महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी, रायपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या गुप्ता के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता का सशक्त आधार है। संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा उपस्थित प्राध्यापकों एवं छात्राओं ने संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति निष्ठा रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम का आयोजन NSS जिला संगठक डॉ. रात्रि लहरी के मार्गदर्शन में हुआ । उन्होंने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व, नागरिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम को सार्थक एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में डॉ. वंदना अग्रवाल, डॉ. सीमा चंद्राकर, राहुल गोप, डॉ. रिंकू पांडेय, डॉ. मान्य शर्मा, सरिता वर्मा, डॉ. टीनू दुबे एवं देवश्री वर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, NSS स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का समापन संविधान के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने तथा एक जागरूक, समतामूलक एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के संकल्प के साथ हुआ।

 

Related Articles

Back to top button