आज से 12 दिनों तक चलेगा CCPL क्रिकेट:रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच पहला मुकाबला, एक्ट्रेस मोनी राय करेंगी परफार्म

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा सीजन आज से शुरू होने जा रहा है। पहला मैच रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच खेला जाएगा। ओपनिंग सेरेमनी शाम 7 बजे से स्टार्ट होगी।
ओपनिंग सेरेमनी में एक्ट्रेस मोनी राय परफार्म करेंगी। पिछली बार की तरह इस बार भी 6 टीमें होंगी। फाइनल मिलाकर कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। विनिंग टीम को कप के साथ 15 लाख कैश अवॉर्ड भी दिया जाएगा।
वहीं उपविजेता टीम को 11 लाख रुपए मिलेंगे। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया कि दर्शकों के लिए एंट्री फ्री होगी, लेकिन उन्हें पहले टिकट बुक कराना जरूरी होगा।
दरअसल, इस सीजन के हर मैच में दर्शकों को कैश प्राइज मिलेगा। सबसे खास, हर मैच की लाइव कमेंट्री क्रिकेट लवर्स को छत्तीसगढ़ी में सुनने को मिलेगी। इस सीजन की थीम है, खेले बढ़ियां-छत्तीसगढ़ियां। आयोजकों ने बताया स्टेडियम तक पहुंचने के चार स्टॉप से बस भी पिक कर सकेंगे।
दर्शकों के पास टू-व्हीलर समेत 11 लाख कैश प्राइज जीतने का मौका
CCPL के प्रेसिडेंट एवी भास्कर राव और CSCS के वी मोहनदास ने भास्कर को बताया कि CCPL सीजन-3 में इस बार सिर्फ चौके-छक्कों का रोमांच नहीं होगा, बल्कि दर्शकों के लिए भी बड़े इनाम रखे गए हैं।
स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को हर मैच के दिन लकी ड्रॉ के जरिए कैश प्राइज जीतने का मौका मिलेगा। सबसे बड़ा आकर्षण ओपनिंग डे और फाइनल में मिलने वाले दो टू-व्हीलर हैं। कुल 11 लाख रुपए बतौर रिवॉर्ड दर्शकों को दिए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ी रंग भी दिखेगा
अधिकारियों ने बताया कि इस बार दर्शकों को छत्तीसगढ़ी कमेंट्री सुनने को मिलेगी, जो यूट्यूब पर लाइव प्रसारित होगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में भी छत्तीसगढ़ी माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी, ताकि दर्शकों को अपनी संस्कृति से जुड़ाव महसूस हो।

टिकट फ्री, लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी
आयोजकों के मुताबिक दर्शकों के लिए सभी टिकट मुफ्त रहेंगे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग www.ticketgenie.in के जरिए की जाएगी। मैच वाले दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट लिया जा सकेगा।
टिकट के पीछे दिए गए लकी ड्रॉ कूपन से दर्शकों को कई इनाम जीतने का मौका मिलेगा। टिकट के काउंटर पार्ट को संभालकर रखना होगा। हर दिन मैच के इनिंग ब्रेक में कूपन निकाले जाएंगे और विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे।
12 दिनों तक बना रहेगा रोमांच, 114 खिलाड़ी होंगे शामिल
यह टूर्नामेंट 12 दिनों तक चलेगा। इसमें 6 टीमों के 114 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पहला मैच रायपुर और राजनांदगांव के बीच खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल एक ही दिन यानी 12 जून को होंगे। फाइनल मुकाबला भी 12 जून (रविवार) की शाम को खेला जाएगा।
टीमों में रायपुर-बिलासपुर के खिलाड़ियों का दबदबा
CCPL में खिलाड़ी चयन के आंकड़े बताते हैं कि छत्तीसगढ़ क्रिकेट में फिलहाल रायपुर और बिलासपुर का दबदबा सबसे ज्यादा है। कुल 114 खिलाड़ियों में से 58 खिलाड़ी केवल रायपुर और बिलासपुर जिलों से आते हैं।
इनमें रायपुर के 36 और बिलासपुर के 22 खिलाड़ी हैं। इसका मतलब है कि लगभग हर तीसरा खिलाड़ी रायपुर का है।
5 जिलों से केवल एक-एक खिलाड़ी का ही सलेक्शन
भिलाई से 11 खिलाड़ी और राजनांदगांव से 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। दुर्ग और सरगुजा से 5-5 खिलाड़ी टीमों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। बस्तर और कोरबा से 4-4 खिलाड़ियों को मौका मिला है।
वहीं रायगढ़, महासमुंद, कबीरधाम, जशपुर और जांजगीर-चांपा जैसे जिलों का प्रतिनिधित्व सीमित रहा। धमतरी, नारायणपुर, कांकेर, कोरिया और दंतेवाड़ा जैसे जिलों से केवल एक-एक खिलाड़ी का चयन हुआ है।
टीम-दर-टीम कहानी समझिए…
रायपुर राइनोज: सबसे ज्यादा स्थानीय खिलाड़ी
रायपुर राइनोज में रायपुर के 8 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम की रीढ़ स्थानीय खिलाड़ियों पर टिकी हुई दिखाई देती है। हालांकि टीम के कप्तान अमनदीप खरे बिलासपुर जिले से हैं।

बिलासपुर बुल्स: स्थानीय और बाहरी खिलाड़ियों का संतुलन
बिलासपुर बुल्स में बिलासपुर के 7 और रायपुर के 6 खिलाड़ी शामिल हैं। यानी टीम का बड़ा हिस्सा इन दोनों क्रिकेट केंद्रों से आता है। कप्तान आयुष पांडेय रायपुर जिले से हैं।

राजनांदगांव पैंथर्स: स्थानीय पहचान बरकरार
राजनांदगांव पैंथर्स में राजनांदगांव के 5 खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा रायपुर और भिलाई के खिलाड़ियों की भी अच्छी मौजूदगी है। कप्तान अजय मंडल भी राजनांदगांव से हैं।

बस्तर बाइसेन्स: नाम बस्तर का, आधार रायपुर-बिलासपुर का
बस्तर बाइसेन्स में बस्तर जिले के केवल 3 खिलाड़ी हैं। इसके मुकाबले रायपुर और बिलासपुर के 4-4 खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। कप्तान अनुज तिवारी रायपुर से आते हैं।

सरगुजा टाइगर्स: स्थानीय खिलाड़ियों से ज्यादा बिलासपुर का प्रभाव
सरगुजा टाइगर्स में सरगुजा के 3 खिलाड़ी हैं, जबकि बिलासपुर के 6 और रायपुर के 5 खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं। कप्तान आशुतोष सिंह सरगुजा जिले से हैं, जिससे टीम को स्थानीय पहचान मिलती है।

रायगढ़ लायंस: सबसे बड़ा विरोधाभास
रायगढ़ लायंस में रायगढ़ जिले का केवल एक खिलाड़ी शामिल है। इसके उलट रायपुर के 9 और बिलासपुर के 5 खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं। टीम के कप्तान ऋषभ तिवारी भी रायपुर से हैं।

पिछले सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान हैं खरे
पिछले सीजन 6 टीमों के कप्तानों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर राइनोज के कप्तान अमनदीप खरे सबसे सफल बल्लेबाज कप्तान साबित हुए। उन्होंने 318 रन बनाकर कप्तानों की सूची में पहला स्थान हासिल किया।
दूसरे नंबर पर राजनांदगांव पैंथर्स के कप्तान अजय मंडल रहे। उन्होंने 295 रन बनाए और अपनी टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। दोनों कप्तानों ने मिलकर 613 रन बनाए, जो सभी कप्तानों के कुल रनों का लगभग 45 फीसदी है।
अनुज, आयुष और आशुतोष ने भी की बढ़िया बल्लेबाजी
बिलासपुर बुल्स के कप्तान आयुष पांडे 246 रन के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने पूरे सीजन में लगातार रन बनाए और अपनी टीम को कई मौकों पर मजबूती दिलाई।
बस्तर बायसंस के कप्तान अनुज तिवारी 223 रन बनाकर चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने भी 200 से अधिक रन बनाकर अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सरगुजा टाइगर्स के कप्तान आशुतोष सिंह ने 202 रन बनाए। हालांकि वे टॉप-4 में जगह नहीं बना सके, लेकिन 200 से ज्यादा रन बनाकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की।



