छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

रायपुर ग्रामीण में खूनी होली: आरंग, खरोरा और बरबंदा में 3 मर्डर, तिल्दा में चाकूबाजी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर की राजधानी में जहां होली का त्योहार शांतिपूर्वक बीता, वहीं रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में हिंसा की कई घटनाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। अलग-अलग इलाकों में हत्या और चाकूबाजी की वारदातों से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। होली के दिन आरंग, खरोरा, बरबंदा और तिल्दा इलाके में हिंसक घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में तीन लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरंग में युवक की हत्या
आरंग के साहू पारा इलाके में होली के दौरान कुछ युवकों ने 18 वर्षीय नीरज लोधी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर कई गहरे चाकू के घाव और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

खरोरा में भी युवक की हत्या
खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में 18 वर्षीय मोहित निषाद की हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात युवकों ने हमला किया और वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

बरबंदा में पुरानी रंजिश बनी कारण
बरबंदा इलाके में दिनेश विश्वकर्मा की हत्या पुरानी दुश्मनी के चलते की गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

तिल्दा में चाकूबाजी की घटना
तिल्दा क्षेत्र में होली के दौरान चाकूबाजी की एक और घटना सामने आई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

फ्लैग मार्च के बावजूद हुई वारदातें
गौरतलब है कि होली से पहले रायपुर ग्रामीण पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला था। इसके बावजूद एक ही दिन में कई गंभीर घटनाएं होने से पुलिस की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
लगातार हुई इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। प्रशासन ने हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button