छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा आचार्य पदारोहण महोत्सव:16 से 18 जून तक इंडोर स्टेडियम में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु, 71 साल बाद मिलेगी आचार्य की पदवी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर में 16 से 18 जून तक बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आचार्य पदारोहण, सहस्रावधान, तपस्या महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सकल जैन समाज छत्तीसगढ़, अखिल भारतीय खरतरगच्छ महासंघ और आचार्य पदारोहण सहस्रावधान तपस्या महोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में पन्यास प्रवर विनय कुशल मुनि को आचार्य पद पर प्रतिष्ठित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार छत्तीसगढ़ में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है।
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में समिति के अध्यक्ष सुनील पारख और महासचिव अशोक कांकरिया ने बताया कि कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
16 और 17 जून को होंगे विशेष धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन
महोत्सव के पहले दिन 16 जून को सुबह वृहद शांतिधारा अभिषेक और 504 जोड़ों की सहभागिता से सूरीमंत्र महापूजन होगा। शाम को प्रसिद्ध भजन गायिका अनुराधा पौडवाल भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगी। वहीं 17 जून को 14 वर्षीय बाल मुनि हंसभद्र मुनि सहस्रावधान का प्रदर्शन करेंगे। शाम को भक्ति संध्या का आयोजन होगा, जिसमें कई कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
18 जून को होगा आचार्य पद पर ऐतिहासिक पदारोहण
महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 18 जून को आयोजित होगा। इस दिन विनय कुशल मुनि को विधिवत आचार्य पदवी प्रदान की जाएगी। विराग मुनि द्वारा उन्हें सूरी मंत्र देकर आचार्य पद पर प्रतिष्ठित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन खरतरगच्छ परंपरा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।



