जामुल नगर पालिका में 1.59 करोड़ के दो टेंडर जारी, सत्ताधारी दल के सदस्य ने किया विरोध

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
दुर्ग। दुर्ग जिले की जामुल नगर पालिका में करीब 1.59 करोड़ रुपये के दो टेंडर को लेकर विवाद शुरू हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर और पीआईसी सदस्यों के प्रस्ताव के बाद एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट की टाउनशिप में रंग-रोगन, सीमेंट आर्ट, बैकलेन पेंटिंग और ड्रेन कवर के लिए 67 लाख और 92 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। इन टेंडरों का विरोध सत्ताधारी दल से जुड़े भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के मंडल अध्यक्ष यशवंत राजपूत ने किया है। उन्होंने नगर पालिका के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए जनता के पैसों के दुरुपयोग और कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं।
जामुल में चुनावी गतिविधियों के बीच टेंडर जारी होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव 22 नवंबर को जामुल पहुंचकर करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करने वाले हैं। इसी बीच नगर पालिका क्षेत्र में स्थित एसीसी अडानी सीमेंट प्लांट की टाउनशिप की दीवारों के सौंदर्यीकरण के लिए जारी टेंडर विवाद का विषय बन गया है। यशवंत राजपूत ने सीएमओ रमाकांत साहू पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एसीसी सीमेंट फैक्ट्री की दीवारों का रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कंपनी प्रबंधन के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (ष्टस्क्र) फंड से कराया जाना चाहिए। उन्होंने टेंडर जारी करने के पीछे कमीशनखोरी और आचार संहिता से पहले जल्दबाजी किए जाने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले में जामुल नगर पालिका के सीएमओ रमाकांत साहू का कहना है कि टेंडर से संबंधित सूचना नगरीय निकाय विभाग को दे दी गई है। उच्च अधिकारियों से जो निर्णय प्राप्त होगा, उसके अनुसार ही टेंडर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, 1.59 करोड़ रुपये के इन दोनों टेंडरों को लेकर नगर पालिका में विवाद बना हुआ है।



