पैसे देने का वीडियो बनाने पर भड़के शरद कपूर:दोस्त हेमा बोलीं- हाथ में नोट थमाकर वापस छीन लिए, बुरे हालात का तमाशा मत बनाओ

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अभिनेता शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर सामने आए उस वीडियो पर नाराजगी जताई, जिसमें एक व्यक्ति उनके हाथ में नोटों की गड्डी देता नजर आया था।मंगलवार को शरद ने कहा कि उन्हें पता नहीं था कि वह व्यक्ति कौन है। अचानक उसने पैसे पकड़ाकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वहीं, शरद की दोस्त हेमा चौधरी ने दावा किया कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने पैसे वापस भी ले लिए।दरअसल, हेमा चौधरी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर सामने आए वीडियो में शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री, अपने फैंस और उन लोगों का शुक्रिया कहा, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया।इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर नाराजगी जताई। शरद ने कहा, “सोशल मीडिया पर बहुत सी गलत चीजें दिखाई जाती हैं। हाथ में पैसा दिया, पता ही नहीं चला कौन क्या कर रहा है। अचानक कोई बोलता है कि इसे पकड़िए और फिर वीडियो बनाने लगता है।”उन्होंने आगे कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि वह व्यक्ति कौन था और क्या कर रहा था। शरद के मुताबिक, अब वह ऐसे लोगों से मिलना पसंद नहीं करेंगे।
हेमा चौधरी ने भी जताई नाराजगी
शरद कपूर की करीबी दोस्त और एनिमल एक्टिविस्ट हेमा चौधरी ने भी इस वीडियो पर नाराजगी जताई। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर बताया कि शरद को अभी तक कोई बड़ी आर्थिक मदद नहीं मिली है। फिलहाल उनकी मेडिकल देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। हेमा ने लोगों से अपील की कि शरद को परेशान न करें और उनकी निजी हालत को सोशल मीडिया पर तमाशा न बनाएं।हेमा ने कहा कि शरद मुश्किल हालात में थे, तब उनके आसपास के लोग भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आए। लेकिन अब कुछ लोग उन्हें लंच के बहाने अपने साथ ले जा रहे हैं और उनसे वीडियो बनवा रहे हैं। हेमा ने उस वायरल वीडियो पर भी नाराजगी जताई, जिसमें एक व्यक्ति शरद के हाथ में नोटों की गड्डी देता दिखाई दिया था।उन्होंने कहा, “किसी को कैश पैसे देकर वीडियो बनाना मदद नहीं है, उसे नुमाइश कहते हैं। आप उनकी खराब हालत का तमाशा कर रहे हैं।”हेमा ने यह भी सवाल किया कि ऐसे वीडियो और ब्लॉग बनाकर लोग कितने फॉलोअर्स और कितनी कमाई कर रहे हैं।
हेमा बोलीं- शरद अभी ट्रॉमा में हैं
हेमा ने कहा कि शरद फिलहाल मानसिक तनाव और ट्रॉमा से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनसे बार-बार सवाल पूछना, इंटरव्यू लेना और वीडियो बनाना ठीक नहीं है।हेमा के मुताबिक, जब उन्होंने शरद से वायरल वीडियो के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि वह व्यक्ति कौन था। उसने हाथ में पैसे पकड़ाए और वीडियो बनाने लगा। शरद ने यह भी कहा कि बाद में उस व्यक्ति ने पैसे वापस छीन लिए थे।
काम मांगने के लिए की थी भावुक अपील
दरअसल, हाल ही में शरद कपूर फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से काम देने की अपील करते नजर आए थे। उन्होंने कहा था कि वह दोबारा अपना करियर शुरू करना चाहते हैं और काम करके अपनी परेशानियों से बाहर निकलना चाहते हैं।
सलमान खान और सोनू सूद ने बढ़ाया मदद का हाथ
शरद की अपील के बाद फिल्म इंडस्ट्री से मदद के लिए लोग आगे आए हैं। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि सलमान खान शरद कपूर की आर्थिक मदद कर रहे हैं।एसोसिएशन ने सलमान का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मुश्किल वक्त में किसी कलाकार का साथ देना दूसरों के लिए भी उम्मीद पैदा करता है। इससे उन कलाकारों को हिम्मत मिलती है, जो अपने बुरे वक्त में खुद को अकेला महसूस करते हैं।वहीं, अभिनेता सोनू सूद ने भी शरद कपूर से मुलाकात की। AICWA के मुताबिक, सोनू ने उनसे एक प्रोजेक्ट को लेकर बात की है, जिससे शरद दोबारा काम शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा सोनू की ओर से उनके लिए मेडिकल सहायता का इंतजाम भी किया गया है।
‘जोश’ से मिली थी पहचान, कई फिल्मों में किया काम
शरद कपूर ने 1996 में महेश भट्ट की फिल्म ‘दस्तक’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘जोश’ से मिली। इस फिल्म में उन्होंने शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय बच्चन और चंद्रचूड़ सिंह के साथ काम किया था।फिल्म में शरद ने प्रकाश शर्मा का नेगेटिव किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट एक्टर इन निगेटिव रोल की कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था।इसके अलावा वे ‘तमन्ना’, ‘हथियार’, ‘ये है जलवा’, ‘LOC कारगिल’, ‘लक्ष्य’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में नजर आए। साल 2019 में आई फिल्म ‘जबरिया जोड़ी’ में भी उन्होंने काम किया था।



