छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

भाजपा महिला मोर्चा की प्रथम जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न, सावन उत्सव में झूमीं कार्यकर्ता

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कवर्धा जिला इकाई की प्रथम जिला कार्यकारिणी बैठक का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं दुर्ग संभाग प्रभारी शीतल नायक ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

बैठक को संबोधित करते हुए शीतल नायक ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की सक्रियता जिला स्तर से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से दिखाई देनी चाहिए। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन, विशेषकर महिलाओं तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक के पश्चात प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाले सावन उत्सव का आयोजन किया गया। सावन की हरियाली और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश देते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने हरे परिधानों में उत्सव में सहभागिता की। नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने सावन के उल्लास को अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया तथा सावन सुंदरी का चयन कर विजेताओं को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button