मूसलाधार बारिश में भी डटे रहे बिलासपुर पुलिस के जवान, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर गंभीर मरीज को पहुंचाया चकरभाठा एयरपोर्ट

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बिलासपुर। स्वाइन फ्लू से गंभीर रूप से संक्रमित 54 वर्षीय मरीज को बेहतर इलाज के लिए गुरुवार को एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद भेजा गया। मरीज को समय पर चकरभाठा एयरपोर्ट पहुंचाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ग्रीन कारिडोर तैयार किया। पुलिस के जवानों ने मूसलाधार बारिश के बीच चौक-चौराहों पर मोर्चा संभालते हुए एंबुलेंस को बिना किसी बाधा के एयरपोर्ट तक पहुंचाया।

एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई। मरीज के स्वजन के अनुरोध और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम से मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया। प्रत्येक प्रमुख चौक पर यातायात पुलिस बल तैनात किया गया ताकि एंबुलेंस को कहीं भी रुकना न पड़े। डाक्टरों ने पुलिस को बताया कि मरीज दोनों फेफड़ों में निमोनिया, स्वाइन फ्लू, श्वसन विफलता और हाइ ब्लड प्रेशर से पीड़ित है। उसकी हालत नाजुक होने के कारण वह एनआइवी (नान-इनवेसिव वेंटिलेशन) सपोर्ट पर है।
स्पेशलिस्ट डाक्टरों की टीम की निगरानी में उसे एयर एंबुलेंस से हैदराबाद के यशोदा हास्पिटल भेजा गया। एएसपी करियारे ने बताया कि ग्रीन कारिडोर के दौरान पीए सिस्टम और सायरन के जरिए लोगों को पहले से सूचना दी गई। नागरिकों ने भी एंबुलेंस को रास्ता देने में पूरा सहयोग किया। बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार ट्रैफिक नियंत्रित करते रहे, जिससे एंबुलेंस निर्धारित समय में एयरपोर्ट पहुंच गई।


