छत्तीसगढ़ में महंगी शराब बेचने पर बड़ा एक्शन, चार आबकारी अधिकारी सस्पेंड, आठ को नोटिस जारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रायपुर। प्रदेश में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने मामले में चार आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि आठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जांच में मिली लापरवाही
विभागीय जांच के दौरान अधिकारियों की निगरानी में कमी और लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया। निलंबित अधिकारियों में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के उपनिरीक्षक प्रभाकर सिरमौर, सिमगा के उपनिरीक्षक मनराखन नेताम, कुरूद के उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम सिन्हा और रायपुर पंडरी वृत्त के उपनिरीक्षक कौशल किशोर सोनी शामिल हैं।
आठ अधिकारियों को नोटिस
इसके अलावा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला आबकारी अधिकारी अजय सिंह ध्रुवे, रायपुर के जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा, धमतरी की जिला आबकारी अधिकारी निरूपमा लोन्हारे और बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
आयुक्त कार्यालय की एडीईओ जेबा खान और जलेश सिंह के साथ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के सहायक जिला आबकारी अधिकारी चंद्रप्रताप सिंह तथा संविदा सहायक जिला आबकारी अधिकारी अल्ताफ खान को भी नोटिस भेजा गया है।
विभाग ने बढ़ाई सख्ती
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब बिक्री में निर्धारित दर से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय स्तर पर निगरानी बढ़ाने और कार्रवाई में सख्ती बरतने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।



