छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें
पद्मश्री फूलबासन बाई यादव का अपहरण, महिला समेत 5 गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजनांदगांव छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पद्मश्री से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता फूलबासन बाई यादव को अगवा करने की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. 5 मई को हुई इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी खुशबू साहू सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है. पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जो बेमेतरा और दुर्ग जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि अपहरण की पूरी योजना स्व-सहायता समूह चलाने वाली खुशबू साहू ने तैयार की थी. आरोपी महिला फूलबासन बाई के प्रभाव और कद से ईर्ष्या रखती थी और उनके जैसा ही रुतबा हासिल करने के लिए उन्हें अगवा कर अपने समूह का विस्तार करना चाहती थी.
आरोपियों ने फूलबासन बाई को उनके घर से जबरन वाहन में बिठा लिया था, लेकिन गढुला रोड पर ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी और सक्रिय चेकिंग की वजह से आरोपी पकड़े गए.
पुलिस ने मौके पर ही फूलबासन बाई को सुरक्षित छुड़ा लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया है. वर्तमान में सामाजिक कार्यकर्ता की सुरक्षा बढ़ाते हुए उनके साथ पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.



