रायपुर में घर से मिला बम बनाने का रॉ मटेरियल:रावाभाठा इलाके में नॉर्थ जोन पुलिस की रेड, संदिग्धों से पूछताछ जारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल, तार और अन्य सामान मिला है। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर टीम वार्ड नंबर-13 पहुंची।
एसीपी पूर्णिमा लाने ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध सामान मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने मकान के आसपास के पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
संदिग्ध सामान मिलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को इलाके से दूर रहने की हिदायत दी है।
मुखबिर की सूचना पर रेड
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि रावाभाठा इलाके के एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इसके बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान घर से तार, पाउडरनुमा सामग्री, बैटरी और देसी बम तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।
हालांकि अधिकारियों ने अभी तक जब्त सामान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
संदिग्ध सामग्री की जांच
मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड ने संदिग्ध सामग्री की जांच की। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घर में मौजूद लोगों से पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे है।



