नई कॉलोनियों से बढ़ा ट्रैफिक…:जाम से राहत के लिए हेल्पलाइन, 15 दिन में 63 कॉल; पचपेड़ी नाका, सड्डू और राजेंद्र नगर बड़े हॉटस्पॉट

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
राजधानी में पहली बार जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया है। इस पर रोजाना कॉल आ रहे हैं। पिछले 15 दिनों में कुल 63 कॉल दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा कॉल पचपेड़ी नाका, सड्डू पेट्रोल पंप और राजेंद्र नगर अंडरब्रिज क्षेत्र से आए, जहां सुबह-शाम लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है और लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
पुलिस का दावा है कि जहां भी जाम की सूचना मिलती है, वहां टीम 12 मिनट के भीतर पहुंच रही है। इसे और बेहतर करने के लिए पुलिस को 5 मिनट का रिस्पांस टाइम तय किया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में 10 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) बनाई गई हैं, जो पीक ऑवर्स में बाइक से पेट्रोलिंग कर रही हैं।
इन इलाकों से रोज गुजरती हैं एक लाख से ज्यादा गाड़ियां : मोवा-सड्डू रोड पर सबसे ज्यादा नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। यहां लगातार नई सोसायटी और कॉलोनियां बन रही हैं। इस सड़क से रोजाना करीब 1 लाख वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम के समय यहां भारी जाम की स्थिति रहती है। सड्डू पेट्रोल पंप, मोवा और लोधीपारा क्षेत्र में लंबा जाम लगता है। इस मार्ग पर बड़े स्कूल और अस्पताल भी स्थित हैं।
विश्लेषण के बाद जाम के कारण की समीक्षा हेल्पलाइन शुरू होने के 15 दिनों की समीक्षा की गई है। कॉल का विश्लेषण कर यह पता लगाया गया कि किन स्थानों से बार-बार शिकायतें आ रही हैं। शहर में 9 से अधिक ऐसे हॉटस्पॉट सामने आए हैं। इन जगहों पर जाम के कारणों की समीक्षा कर विशेषज्ञों के साथ समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
हर थाना क्षेत्र में चिन्हित होंगे हॉटस्पॉट : सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में हॉटस्पॉट चिन्हित करें। कम से कम 9 प्रमुख स्थानों पर जाम के संभावित समय की पहचान कर वहां पहले से यातायात बल, पेट्रोलिंग पार्टी या क्यूआरटी तैनात की जाए, ताकि जाम की स्थिति बनने से पहले ही नियंत्रित किया जा सके।
पचपेड़ी नाका: ब्रिज के नीचे फंस रहा ट्रैफिक पचपेड़ी नाका चौक शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक है, जहां रोजाना 90 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। यह शहर का प्रमुख एंट्री पॉइंट है, जहां बड़ी और छोटी सभी तरह की गाड़ियां 24 घंटे चलती रहती हैं। सुबह और शाम के समय यहां सबसे ज्यादा जाम लगता है।ट्रैफिक दबाव के बीच बायपास की जरूरत जधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच बायपास सड़कों की जरूरत महसूस हो रही है। वाहनों के मुकाबले सड़कें कम पड़ रही हैं। मोवा टर्निंग और सड्डू में जाम की वजह यही दबाव है, क्योंकि यह मुख्य मार्ग है। आसपास कॉलोनियां बढ़ने से बोझ बढ़ा है। यहां फ्लाइओवर या बायपास जरूरी है। साथ ही अतिक्रमण हटाकर पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना होगा।


