छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

छत्तीसगढ़: कोरबा पावर प्लांट में ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगी, मचा हड़कंप, बिजली उत्पादन रुका

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कोरबा के मारुति क्लीन कोल बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात 300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। हादसे के बाद प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 1:45 बजे बांधाखार स्थित पावर प्लांट के ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। प्लांट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को दी।

सूचना मिलते ही समूह के चाकाबूड़ा स्थित एसीबी प्लांट से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में करीब दो घंटे से अधिक का समय लगा। तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

हादसे के कारण प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, प्लांट में दूसरा पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध है। सुधार कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही उत्पादन शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। राहत की बात यह है कि रात में कम कर्मचारी होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।

 

Related Articles

Back to top button