छत्तीसगढ़प्रमुख खबरें

नेता प्रतिपक्ष बोले-अंग्रेजों के मुखबिर, BJP पार्षदों ने छीना माइक,VIDEO:रायपुर निगम की विशेष सामान्य सभा में हंगामा, धक्का-मुक्की; कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में हंगामा हो गया। महिला सशक्तिकरण पर चर्चा के बीच भाजपा-कांग्रेस पार्षदों में धक्का-मुक्की हो गई। चर्चा के दौरान जब नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि, ये लोग अंग्रेजों के मुखबिर थे। यह बोलते ही भाजपा पार्षद भड़क गए।

भाजपा पार्षद अपनी कुर्सी छोड़कर नेता प्रतिपक्ष के पास पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ पार्षदों ने माइक छीन लिया और धक्का-मुक्की भी हुई। सदन में काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद बैठक की कार्रवाई कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी। इससे पहले ‘परिसीमन’ की जगह ‘परमिशन’ शब्द का इस्तेमाल करने पर 2 महिला पार्षद भिड़ गई थी

परिसीमन को ‘परमिशन’ कहने पर भिड़ीं 2 महिला पार्षद

वहीं चर्चा के दौरान 2 महिला पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कांग्रेस पार्षद अर्जुमन एजाज ढेबर ने अपने भाषण के दौरान ‘परिसीमन’ की जगह ‘परमिशन’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया। बाद में भाजपा पार्षद कृतिका जैन ने अपने भाषण में इस पर तंज कस दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

स्थिति बिगड़ते देख सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने बीच-बचाव किया। उन्होंने कृतिका जैन को समझाइश देते हुए कहा कि ‘हम सभी यहां सीखने आए हैं, यह हमारी पहली पाठशाला है। नए सदस्य बोलते समय कई बार शब्दों का गलत इस्तेमाल कर देते हैं।’

सभापति के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।

भाजपा पार्षदों ने किया जोरदार विरोध

इससे पहले सामान्य सभा में विपक्ष ने शहर में बढ़ते जल संकट के मुद्दे पर चर्चा की मांग उठाई। हालांकि, सभापति ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर दोनों पक्षों की सहमति नहीं बन पाने के कारण चर्चा नहीं कराई जाएगी।

यह विशेष बैठक महिला सशक्तिकरण से जुड़े जनजागरूकता अभियान को लेकर बुलाई गई है, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। सभा से पहले भाजपा पार्षदों ने ‘कांग्रेस शर्म करो’ के नारे लगाए और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।

वहीं विरोध दर्ज कराने के लिए महापौर और भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर बैठक में पहुंचे। सभा में पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षद मौजूद हैं। संभावित हंगामे को देखते हुए नगर निगम परिसर में सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं। फिलहाल, हंगामे के बीच बैठक की कार्यवाही जारी रही।

पिछली बैठक में 14 एजेंडों पर चर्चा

नगर निगम की पिछली सामान्य सभा 9 अप्रैल को आयोजित हुई थी, जिसमें 14 एजेंडों पर चर्चा की गई। सिटी कोतवाली चौक का नाम ‘जैन स्तंभ’ रखने के प्रस्ताव पर जमकर बहस हुई, लेकिन विपक्ष के विरोध के बाद इसे निरस्त कर दिया गया।

बाकी एजेंडे बहुमत से पारित किए गए, जबकि किरण बिल्डिंग परिसर में दुकानों के व्यवस्थापन से जुड़े मुद्दे पर शासन से मार्गदर्शन लेने का निर्णय लिया गया।

Related Articles

Back to top button