कट्टे से खुद पर चली गोली, घायल होने पर 12 को लोगों फंसाने के लिए करा दी FIR; पुलिस ने पकड़ा झूठ

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
ग्वालियर। आरोन के बन्हेरी गांव में अपराध का फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां पिछले महीने नीतेश रावत ने गांव के ही 12 लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाकर हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज कराई। जब पुलिस आरोपितों को तलाशने पहुंची तो कोई खेत पर मिला कोई घर में सो रहा था। इस मामले में पुलिस को संदेह हुआ और पड़ताल शुरू हुई।

फरियादी और उसके साथी नीतेश रावत व रघुवीर रावत के मोबाइल जांच के लिए जब्त हुए। इसी में एक कॉल रिकॉर्डिंग पुलिस को मिल गई, जिसमें सामने आया कि नीतेश ने कमर में कट्टा लगाया और खुद ही गोली चल गई थी।
उसने रणवीर को बताया, तो उसने दुश्मनों को फंसाने के लिए 12 लोगों पर एफआइआर कराने का षड़यंत्र रच डाला। इस मामले में अब पुलिस ने अजय सिंह रावत, रणवीर रावत और नीतेश रावत को गिरफ्तार किया है। इन पर एफआइआर दर्ज की गई है।
यह पूरा विवाद अक्टूबर 2023 में हुई बन्हेरी के सरपंच विक्रम रावत की हत्या से जुड़ा हुआ है। विक्रम रावत की हत्या के बाद स्वजनों ने इन 12 लोगों के घर तोड़फोड़ और आगजनी की थी। इन सभी ने थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी। यह केस अभी तक कोर्ट में चल रहे हैं। रणवीर सरपंच विक्रम का चचेरा भाई है। अजब और नीतेश भी इसी परिवार के हैं।
तीन फरवरी को नीतेश को खुद से ही कट्टा चलने पर गोली लग गई तो उसने सबसे पहले रणवीर को ही काल किया था। इसी दौरान रणवीर ने उससे कहा कि अगर पुलिस को यह बताया कि खुद कट्टे से गोली लगी तो फायदा नहीं हाेगा। कट्टे के बारे में पूछताछ होगी। अगर आगजनी के सभी फरियादियों पर एफआइआर करा दी जाए, तो पुराने मामले में राजीनामा के लिए दबाव बना सकेंगे। फिर इन लोगों ने पुलिस को सूचना दी और 12 लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया।
इन पर कराई थी एफआइआर
उमराव रावत, हरी उर्फ बनिया रावत, नरेश रावत, केवट रावत, धर्मसिंह रावत, रामराजा रावत, हरि सिंह रावत, रणवीर रावत, अमन रावत, मर्दन सिंह रावत, रंधौर रावत, रामकिशन रावत पर हत्या के प्रयास की एफआइआर दर्ज कराई गई थी।
घर पर मिले आरोपित- बोले नीतेश से मिले तक नहीं
इस मामले की विवेचना मोहना थाना प्रभारी रशीद खान को एसएसपी धर्मवीर सिंह ने दी थी। निरीक्षक रशीद खान के साथ एसआइ अभिनव शर्मा व उनकी टीम जांच कर रहे थे। तीनों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। फिर करीब 100 कॉल रिकार्डिंग सुनी। इसमें एक रिकार्डिंग काम की निकली।



