नवांकुर सखी हरियाली यात्रा और जनसंवाद कार्यक्रम संपन्न
संस्था द्वारा ग्राम की चयनित नवांकुर सखियों को 11 बीज रोपित एवं अंकुरित पौधे किए वितरित।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पथरिया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला दमोह के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था नेहरू युवा नव जागृति नव युवक मंडल समिति और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति किशुनगंज के संयुक्त तत्वाधान में नवांकुर सखी हरियाली यात्रा ग्राम किशुनगंज में आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम किशुनगंज के देव श्री शनि मंदिर परिसर तिराहे पर महिलाओं के एकत्रीकरण के साथ प्रारंभ हुई। इसके उपरांत कलश यात्रा के रुप में भ्रमण करते हुए ग्राम पंचायत भवन में समापन किया गया। इस यात्रा के माध्यम से ग्रामवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलश पूजन और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया, जिसमें ग्राम की महिलाओं के साथ ग्राम के नागरिकों और युवतियों ने भी भाग लिया। सभी उपस्थित जनों को माननीय मुख्यमंत्री जी का संदेश से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्राम की महिला सरपंच पूनम श्रीधर, जनपद सदस्य संगीता श्रीधर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक दिनेश उमरैया, पथरिया के विकासखंड समन्वयक उमाशंकर उपाध्याय, सेक्टर प्रभारी संस्था अध्यक्ष घनश्याम पटेल, मुकेश पांडेय, सुमन गुप्ता, उमा पटेल, स्व सहायता समूह से निधि गुप्ता, आशारानी लडिया, हेमतला पटेल, पारो पटेल, बबली पांडेय, हाकम अहिरवार, जीवन लाल पटेल, बकेनी से यशवंत सिंह, हिनौता घाट से हरिशंकर शुक्ला सहित ग्राम की बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।
संभाग समन्वयक दिनेश उमरैया ने नवांकुर सखी एवं हरियाली यात्रा कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम एक पेड मां के नाम अभियान के तहत पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेक्टर के प्रत्येक ग्राम की 10 महिलाओं को बीज रोपित 11 थैलियां वितरित की जा रही हैं, जिनमें बीजों का संरक्षण कर पौधे तैयार किए जाएंगे और उन्हें विशेष अवसरों पर रोपित किया जाएगा।
जनपद पंचायत सदस्य संगीता श्रीधर ने नवांकुर सखी हरियाली यात्रा कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला को अपने घर पर पौधे लगाने चाहिए।
विकासखंड समन्वयक उमाशंकर उपाध्याय ने कहा कि जिस प्रकार मातृशक्ति अपने बच्चों का लालन पालनकर सामाजिक कर्तव्यों के निर्वहन करने के लिए सक्षम बनाती है ठीक वैसे ही मातृशक्ति को इन पौधों का लालन पालन कर पर्यावरण को सुरक्षा प्रदान करने हेतु सक्षम बनाना होगा। इसी उद्देश्य के साथ माननीय मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम का प्रारंभ आप सबके भरोसे पर किया है तो आज हम सबको मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि हम सब इस भरोसे पर खरा उतरेंगे।
अध्यक्ष घनश्याम पटेल ने कहा कि ग्राम की सभी नवांकुर सखियो को हमारी संस्था द्वारा 11 -11 पौधे वितरण कर हमे पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करना है। पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अपील की महिलाएं अपने घरों में पौधे तैयार करें और उन्हें बच्चों के जन्मदिन या वैवाहिक वर्षगाँठ या अन्य पारिवारिक समारोह पर लगाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवांकुर सखियों को बीज रोपित 11 पौधे भेट किए और एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत सभी ने सामुदायिक उप स्वास्थ्य केंद्र में पौधा रोपण किया। सफल संचालन घनश्याम पटेल ने किया अंत में सभी का आभार व्यक्त मुकेश पांडेय ने किया।



