विमेंस क्रिकेट में पहली बार भारत Vs जिम्बाब्वे:रायपुर में पहला टी-20 मुकाबला आज; स्मृति मंधाना की कप्तानी में उतरेगी टीम इंडिया

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में आज पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की भिड़ंत होगी। तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला आज रायपुर में शाम 7 बजे से होगा। स्मृति मंधाना के रेगुलर कप्तान बनने के बाद भारतीय टीम अपना पहला मैच खेलने उतरेगी। वहीं रायपुर में भी पहली बार महिला इंटरनेशनल मैच खेला जाने जाएगा।
जिम्बाब्वे इस साल एक भी टी-20 नहीं जीता
- जिम्बाब्वे की विमेंस टीम ने इस साल 18 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। सभी मुकाबलों में उसे हारा का सामना करना पड़ा। टीम की पिछली जीत सितंबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ आई थी।
- दूसरी ओर भारत लगातार 8 टी-20 इंटरनेशनल मैच जीत चुका है। टीम ने हाल ही में एशिया कप ट्रॉफी और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल किया था।
उपकप्तान शेफाली और श्री चरणी पर नजरें
- शेफाली वर्मा ने इस साल 24 टी-20 मैचों में 162.83 की स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 100 रन रहा। वह उपकप्तान की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।
- गेंदबाजी में श्री चरणी ने 23 मैचों में 47 विकेट लिए हैं। उनकी इकोनॉमी 5.67 रही है। वह इस साल टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं।
जिम्बाब्वे की टॉप बल्लेबाज केलिस एनधलोवु
- जिम्बाब्वे की केलिस एनधलोवु ने इस साल 18 टी-20 मैचों में 320 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 104.23 रहा। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मैच में 48 गेंद पर 63 रन की पारी खेली थी।
- गेंदबाजी में मिचेल मवुंगा ने 10 मैचों में 8 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 46 रन देकर 3 विकेट रहा।
नंबर-3 पर अनुष्का या निकी को मौका?
जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रही हैं और इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में तीसरे नंबर पर अनुष्का शर्मा या निकी प्रसाद को मौका मिल सकता है। दोनों ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। स्पिनर श्रेयंका पाटिल की गैरमौजूदगी में प्रेमा रावत को भी प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है।
रायपुर की पिच बल्लेबाजी के लिए मददगार
रायपुर में अब तक 2 पुरुष टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। इस साल जनवरी में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रन का लक्ष्य हासिल किया था। मैच के समय मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन में तापमान 33 डिग्री और शाम को करीब 28 डिग्री रहने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की पॉसिबल-11
भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा/निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़।
जिम्बाब्वे: केलिस एनधलोवु, बिलव्ड बीजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, क्रिस्टीन मुतासा, न्याशा ग्वांजुरा, चिएड्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), जोसेफिन एनकोमो (कप्तान), कुडजई चिगोरा, लोरिन फिरी, नोमवेलो सिबांडा।



